Up Job: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को आयुष विभाग, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के लिए चयनित 481 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब सरकारी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीक आधारित प्रक्रिया से हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि अब भर्ती में न सिफारिश चलती है और न भ्रष्टाचार, बल्कि केवल योग्यता के आधार पर चयन किया जाता है।
नौ लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन रोजगार के अंतर्गत प्रदेश सरकार लगातार नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रिया में जाति, क्षेत्र, पैसे और प्रभाव का बोलबाला रहता था, जिससे योग्य युवाओं को नुकसान उठाना पड़ता था। लेकिन वर्तमान सरकार ने शुरुआत से ही भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री के अनुसार अब परीक्षा से लेकर चयन तक हर चरण में तकनीक और जवाबदेही सुनिश्चित की गई है।
Up Job: भ्रष्टाचार और लीकेज पर सरकार का सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी योग्य उम्मीदवार की जगह रिश्वत देकर कोई अयोग्य व्यक्ति नौकरी पाता है तो वह वर्षों तक पूरे सिस्टम को कमजोर करता है। इसी सोच के साथ सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी संभावनाओं को समाप्त करने के लिए कई सुधार किए। उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शिता और तकनीकी सुधारों के कारण उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे अधिक सरकारी नियुक्तियां देने वाला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 15 दिनों के भीतर यह चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है।
प्रदेश की बदली छवि और बढ़ती अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान अराजकता और भ्रष्टाचार से जुड़ी हुई थी। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल चुकी है और लोग उत्तर प्रदेश को विकास और रोजगार के केंद्र के रूप में देख रहे हैंउन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय, वार्षिक बजट और अर्थव्यवस्था में लगातार वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तर प्रदेश अब राजस्व अधिशेष वाला राज्य बन चुका है और देश की अर्थव्यवस्था का विकास इंजन बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है।
Up Job: आयुष, कौशल विकास और दिव्यांग सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष क्षेत्र स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने की बड़ी क्षमता रखता है। गांव-गांव तक आयुष सेवाओं को मजबूत बनाने और औषधीय पौधों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा विभाग ने आधुनिक तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक, साइबर सुरक्षा और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर दिव्यांग व्यक्ति में प्रतिभा होती है और सरकार उन्हें अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विशेष विश्वविद्यालयों, पुनर्वास केंद्रों और पेंशन योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है
ये भी पढ़ें…कोटा मेडिकल कॉलेज में लापरवाही पर घमासान, दो प्रसूताओं की मौत के बाद सरकार घिरी








