UP News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीच दिनदहाड़े एक सिपाही के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के छोटी जेल चौराहे के पास स्थित एक देसी शराब के ठेके की बताई जा रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो हुआ वायरल
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस लाइन में तैनात सिपाही एक ऊंचे स्थान पर बैठा है, तभी कुछ युवक अचानक उस पर हमला कर देते हैं। एक युवक उसे थप्पड़ मारता है, जबकि दूसरा बेल्ट से लगातार वार करता है। सिपाही जब खुद को बचाने के लिए उठने की कोशिश करता है, तो उसे धक्का देकर गिरा दिया जाता है और फिर बेरहमी से पीटा जाता है। हमलावरों की हरकतों से साफ लग रहा है कि वे नशे में थे। जिसके बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि उन्होंने एक सिपाही को ही निशाना बना लिया। अगर पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर क्या भरोसा किया जाए?

UP News: चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पीड़ित सिपाही राजीव कुमार ने अपनी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल को दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस लाइन गेट पर आकाश श्रीवास्तव, आशिद उर्फ माफिया, आशू श्रीवास्तव और मोरम अली ने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। इसके बाद वे उसे ठेके पर ले गए, जहां गाली-गलौज का विरोध करने पर सभी ने मिलकर उसकी पिटाई की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में सिपाही को गंभीर चोटें आई हैं। लोहिया अस्पताल के डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी के मुताबिक, सिपाही की पीठ और कंधे पर पांच जगह चोट के निशान मिले हैं, जिनमें सूजन और नीले निशान साफ देखे जा सकते हैं।
वहीं मामले में कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।








