Home » उत्तर प्रदेश » ‘अश्लील मैसेज, जान से मारने की धमकी…’ बागपत की छात्रा ने डर के कारण छोड़ी पढ़ाई, इंस्टाग्राम चैट ने खोली छेड़छाड़ कांड की पोल

‘अश्लील मैसेज, जान से मारने की धमकी…’ बागपत की छात्रा ने डर के कारण छोड़ी पढ़ाई, इंस्टाग्राम चैट ने खोली छेड़छाड़ कांड की पोल

बागपत की छात्रा ने डर के कारण छोड़ी पढ़ाई

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग छात्रा ने गांव के युवक विशाल पर छेड़छाड़, अश्लील हरकतें और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता परिवार का कहना है कि शिकायत और मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे छात्रा और उसका परिवार दहशत में जीने को मजबूर है।

इंस्टाग्राम पर भेजता था अश्लील मैसेज

पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपी युवक लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजता था, स्कूल और रास्तों में पीछा करता था तथा मौका मिलते ही अभद्र टिप्पणियां करता था। विरोध करने पर आरोपी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देता था।

छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी की हरकतों और लगातार मिल रही धमकियों से वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई। डर और तनाव इतना बढ़ गया कि उसे अपनी 12वीं कक्षा की पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। परिवार का कहना है कि बेटी अब घर से निकलने तक में डर महसूस करती है। मामले में रमाला थाने में FIR दर्ज की गई है। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की धारा लगाई गई हैं। इन धाराओं में यौन उत्पीड़न, पीछा करना, धमकी देना और नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध शामिल हैं।

UP News: विवेचक सनव्वर अली पर भी गंभीर आरोप

पीड़िता परिवार ने विवेचक सनव्वर अली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई बेहद धीमी है, जबकि आरोपी लगातार पीड़िता को डराने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल, इस मामले के सामने आने के बाद से ही गांव और आसपास के इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। लेकिन इस मामले में अभी तक पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, पीड़िता परिवार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़ी है।

ये भी पढ़े… राहुल गांधी के बयान पर भड़के भाजपा नेता गौरव भाटिया बोले- ‘वे देश के खिलाफ बोल रहे’