UP News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां भाजपा से जुड़े जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह पर देर रात जानलेवा हमला कर दिया गया। अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिलहाल उनका इलाज KGMU लखनऊ में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने मंगलवार सुबह उनका ऑपरेशन किया।
ऑपरेशन में निकाले गए छर्रे
डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन के दौरान भूपेंद्र सिंह के पेट से गोली के कई छर्रे निकाल दिए हैं, लेकिन मुख्य गोली अभी भी शरीर के अंदर फंसी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल गोली निकालना जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि इससे आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। राहत की बात यह है कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह सनसनीखेज वारदात परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास ग्राम पंचायत के गजराज पुरवा में रात करीब 10 बजे हुई। बताया जा रहा है कि भूपेंद्र सिंह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठ रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ स्थित KGMU भेजा गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
UP News: चुनावी रंजिश का एंगल
मामले में परिजनों की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया है। शुरुआती जांच में इस हमले के पीछे चुनावी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है। मामले में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। फिलहाल आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़े… पहलगाम हमले के एक साल पूरा होने पर बोली भारतीय सेना- ‘भारत भूलता नहीं है…’








