Home » उत्तर प्रदेश » UP News: दिल्ली अग्निकांड के बाद एक्शन में CM योगी, पूरे यूपी में चला सख्त सुरक्षा अभियान

UP News: दिल्ली अग्निकांड के बाद एक्शन में CM योगी, पूरे यूपी में चला सख्त सुरक्षा अभियान

UP News: दिल्ली अग्निकांड के बाद एक्शन में CM योगी, पूरे यूपी में चला सख्त सुरक्षा अभियान

UP News: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार भी पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए राज्यभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विकास प्राधिकरणों, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD) और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रदेश की सभी ऊंची इमारतों, कार्यालयों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा प्रणाली पूरी तरह सक्रिय और मानकों के अनुरूप हो।मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से होटलों की सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट कराने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।

लखनऊ में शुरू हुआ विशेष चेकिंग अभियान

दिल्ली हादसे के बाद राजधानी लखनऊ में अग्निशमन विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। विभिन्न प्रतिष्ठानों और होटलों में जाकर सुरक्षा उपकरणों और व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। इसी क्रम में जेमिनी कॉन्टिनेंटल होटल में फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया, जहां पानी की आपूर्ति व्यवस्था में शुरुआती स्तर पर कुछ तकनीकी कमियां पाई गईं।अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को एक दिन के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन विभाग का कहना है कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

UP News: सभी फायर स्टेशनों को दिए गए विशेष निर्देश

लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि शहर के सभी नौ फायर स्टेशन अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित होटलों और अन्य संस्थानों की जांच कर रहे हैं। जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाएगी, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर कमियां सामने आई हैं, जिनकी रिपोर्ट संबंधित प्रबंधन को सौंप दी जाएगी। यदि किसी प्रतिष्ठान में गंभीर लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

UP News: दिल्ली हादसे पर सीएम योगी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि दिल्ली में हुए भीषण अग्निकांड में जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।दिल्ली की इस दुखद घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। राज्यभर में चल रहा यह विशेष अभियान न केवल सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगा, बल्कि संभावित खतरों को समय रहते दूर करने का भी प्रयास करेगा, ताकि भविष्य में किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

ये भी पढ़े: उत्तर प्रदेश में छह महीने तक हड़ताल पर रोक, सरकार ने लागू किया ईएसएमए