Up News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वकीलों के कथित अवैध चैंबर हटाने की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार को “अधर्मी” बताया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक वकील के हाथ में रामचरितमानस दिखाई दे रही है, जबकि सामने पुलिसकर्मी लाठी लिए खड़े नजर आ रहे हैं।
अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला

सपा प्रमुख ने पोस्ट में लिखा कि “श्रीरामचरितमानस हमारी सौहार्दपूर्ण संस्कृति का संविधान है और मानवीय मर्यादा का आचार संहिता कोश है।” उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने जिस तरह इसका “अपमान” किया है, वह माफी योग्य नहीं है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपाइयों का सिर्फ एक धर्म है और वो है पैसा” तथा जनता “अधर्मी भाजपा” को सत्ता से हटाएगी।
Up News: क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, वजीरगंज इलाके में नगर निगम द्वारा कथित अवैध चैंबर हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान विरोध कर रहे अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेशों के पालन में की गई थी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बल प्रयोग किया गया।
सपा ने उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी ने इस कार्रवाई को “अन्याय” बताते हुए घायल वकीलों के मुफ्त इलाज की मांग की है। वहीं भाजपा की ओर से कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अदालत के निर्देशों के अनुसार की गई। घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्ष सरकार पर वकीलों के साथ सख्ती का आरोप लगा रहा है।
ये भी पढ़े… ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर बड़ा तंज , PDA मतलब ‘पार्टी ऑफ डिंपल एंड अखिलेश’!








