UP News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और बागपत से सामने आया यह डबल मर्डर केस अब सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि रिश्तों, भरोसे और लालच के खौफनाक अंत की कहानी बन चुका है। दरअसल, डूडा में सिटी मिशन मैनेजर रहे विक्रांत कुमार और उनकी प्रेमिका राखी कश्यप की बेरहमी से हुई हत्या ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। जो कहानी शुरुआत में एक गुमशुदगी से शुरू हुई थी, वह धीरे-धीरे ऐसे दर्दनाक सच में बदल गई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
अचानक हुए थे लापता
प्रयागराज के रहने वाले 37 वर्षीय विक्रांत 16 अप्रैल को बागपत से अचानक लापता हो गए थे। पत्नी की शिकायत, शक और बेचैनी के बीच अगले ही दिन सहारनपुर के बड़गांव इलाके में एक लावारिस शव मिला कुछ ही घंटों में यह साफ हो गया कि वह विक्रांत ही थे। एक परिवार की उम्मीदें उसी पल टूटकर बिखर गईं। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि विक्रांत अपनी प्रेमिका राखी के साथ नई जिंदगी बसाने के सपने देख रहा था। लेकिन वही सपना उसकी मौत की वजह बन गया। बागपत में हुई एक पार्टी में शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद अचानक खूनी मोड़ ले बैठा। आरोप है कि राखी ने गुस्से में आकर विक्रांत को गोली मार दी गोली जांघ में लगी, लेकिन दर्द और डर यहीं खत्म नहीं हुआ।

इसके बाद जो हुआ, वह और भी ज्यादा क्रूर था। घायल विक्रांत को सहारनपुर ले जाया गया, जहां उसके सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसे हमेशा के लिए खामोश कर दिया गया। उसकी सांसें छीन ली गईं… और फिर शव को नहर में फेंक दिया गया, जैसे उसकी जिंदगी की कोई कीमत ही न हो।
UP News: कहानी यहीं खत्म नहीं हुई
कुछ दिनों बाद इस खौफनाक साजिश ने और भी भयानक रूप ले लिया। मुख्य आरोपी को डर सताने लगा कि सच बाहर आ जाएगा। उसी डर ने एक और जान ले ली। राखी कश्यप जो कभी इस कहानी का हिस्सा थी—उसे ही मिर्जापुर के एक फार्महाउस में ले जाकर चाकुओं से गोद-गोद कर मार डाला गया। 27 अप्रैल को उसका खून से सना शव बरामद हुआ, जिसने इस पूरे मामले को डबल मर्डर की भयावह तस्वीर में बदल दिया। अब पुलिस की जांच में परत-दर-परत खुलासे हो रहे हैं। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है, कॉल डिटेल और लोकेशन के जरिए हर कड़ी को जोड़ा जा रहा है।
ये भी पढ़े… जिंदगी भर के जख्म दे गया जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसा… 9 लोगों की हुई मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी








