UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि वह जिम जाती थी। घटना कटघर थाना क्षेत्र के डबल फाटक इलाके की है।
अब जानें पूरा मामला…
जानकारी के अनुसार, स्क्रैप कारोबारी शोभित गुप्ता और उनकी पत्नी पूनम गुप्ता के बीच लंबे समय से पूनम के जिम जाने को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह पूनम के जिम से घर लौटने के बाद दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक रूप ले बैठी। आरोप है कि गुस्से में आकर शोभित ने घर में रखे शटर खोलने वाले भारी लोहे के हैंडल से पूनम के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि घर में ही मौजूद रहा और करीब सात घंटे तक पत्नी के शव के पास बैठा रहा। इसी दौरान उसकी बेटी स्कूल से घर लौटी, जिसे उसने बहलाकर दूसरे कमरे में भेज दिया। बाद में शाम के समय शोभित ने खुद ही पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसमें उसने घटना को दुर्घटना के रूप में पेश करने की कोशिश की।

UP News: पुलिस जांच में खुला राज
डायल 112 की टीम जब मौके पर पहुंची तो महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला, जिससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। जबकि मृतका के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई का कहना है कि यह मामला केवल जिम जाने को लेकर विवाद का नहीं है, बल्कि पूनम को लंबे समय से ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पहले भी पूनम को जान से मारने की कोशिश की गई थी, जिसमें उसे कथित रूप से कांच का पाउडर खिलाया गया था, जिससे उसके मुंह में चोटें आई थीं। परिवार का यह भी दावा है कि इस साजिश में आरोपी पति के साथ उसके परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। वहीं इस मामले में एसपी सिटी का कहना है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े… गोरखपुर ईको पार्क के उद्घाटन पर बोले CM योगी- ‘नीयत साफ हो तो नियति बदलने में देर नहीं लगती’








