Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » अमरोहा में सरेआम गुंडागर्दी, फौजी और पिता को टेंपो चालक ने लाठियों से पीटा, वीडियो आया सामने

अमरोहा में सरेआम गुंडागर्दी, फौजी और पिता को टेंपो चालक ने लाठियों से पीटा, वीडियो आया सामने

UP News

UP News: अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक चौंकाने वाली घटना घटी, जिसमें एक टेंपो चालक और उसके साथियों ने फौजी उमेश और उनके बुजुर्ग पिता राजपाल सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। यह घटना रहरा टेंपो स्टैंड पर हुई, जो थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है।

टेंपो चालक हुआ नाराज

मिली जानकारी के अनुसार, फौजी उमेश के माता-पिता हसनपुर से रहरा आए थे। वे अपने गांव दढ़ियाल जाने के लिए टेंपो में बैठे थे। इसी दौरान फौजी उमेश अपनी गाड़ी लेकर उन्हें लेने रहरा पहुंचे। बेटे को देखकर माता-पिता टेंपो से उतरकर उसकी गाड़ी में बैठ गए। इस पर टेंपो चालक नाराज हो गया और उसने फौजी उमेश पर मारपीट शुरू कर दी।

नाराजगी के बाद टेंपो चालक ने अपने कुछ साथियों को भी बुला लिया और मिलकर फौजी उमेश और उनके पिता पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट की इस घटना से आसपास के लोगों में डर और अफरा-तफरी मच गई, और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

UP News: मामले में पुलिस ने क्या कहा? 

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें हिंसक हमले की पूरी स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है। वीडियो में भीड़ में चीख-पुकार और हड़बड़ी के दृश्य सामने आए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले में थानाध्यक्ष अतबीर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी टेंपो चालक वेद प्रकाश, निवासी रहरा, को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि उसके अन्य अज्ञात साथियों की भी तलाश जारी है। घायल फौजी उमेश के पिता राजपाल सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनके स्वास्थ्य की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

वहीं इस मामले के सामने आने के बाद थाना अध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को अफवाह फैलाने के लिए न शेयर करें। यह घटना समाज में कानून और व्यवस्था की चुनौती को सामने लाती है। लोग इस तरह की हिंसा की निंदा कर रहे हैं और न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।

Report BY: मौ. अजीम 

ये भी पढ़े… लखीमपुर खीरी हादसा: गन्ने के पहाड़ तले दबी स्कूल वैन, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी कई जेसीबी और क्रेन