UP News: प्रयागराज जिले के सरायइनायत थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 41 वर्षीय एक महिला ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने न सिर्फ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है, बल्कि यह भी कहा है कि उसके माता-पिता ने अब तक उसकी शादी नहीं कराई।
अब जानें मामला…
जानकारी के अनुसार, मनापुर उर्फ बगईकला गांव निवासी माधुरी पटेल ने सरायइनायत थाने में तहरीर देकर अपने पिता रामराज पटेल, माता बिमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। माधुरी का कहना है कि वह पिछले लगभग 20 वर्षों से अपने ही घर में अलग-थलग रह रही है। परिवार के सदस्यों ने उसे पारिवारिक कारणों से अलग कर दिया, जिसके बाद से वह लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही है।

UP News: आर्थिक सहायता न मिलने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसे परिवार की ओर से किसी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं मिली। वह खुद स्कूल में पढ़ाकर, दुकानों और खेतों में काम करके अपना जीवनयापन कर रही है। माधुरी के अनुसार, 27 अप्रैल को उसके परिवार के सदस्यों ने उसके कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की। शोर मचाने पर अन्य लोगों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी।
विवाह को लेकर भी उठाया मुद्दा
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसने कभी शादी से इंकार नहीं किया, लेकिन उसके माता-पिता ने समय रहते उसका विवाह नहीं कराया। अब वह चाहती है कि उसका विवाह किसी उपयुक्त वर से कराया जाए ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। फिलहाल, सरायइनायत थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग भी मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
ये भी पढ़े… यूपी में पारंपरिक चिकित्सा का विस्तार, आयुर्वेद-योग के साथ अब अमची चिकित्सा को भी मिली मान्यता








