UP News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शादी वाले दिन दूल्हे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार तड़के करीब 3 बजे मुठभेड़ में एक लाख के इनामी आरोपी रवि यादव (28) को मार गिराया। यह वही आरोपी था, जिसने 1 मई को दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे प्रेम विवाह का विरोध मुख्य वजह बताई गई थी। पुलिस का कहना है कि रवि यादव ने दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिंद और उसके दोस्त भोले राजभर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल प्रदीप और भोले अब भी फरार हैं, जबकि पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस पर की फायरिंग
जौनपुर पुलिस के अनुसार, रविवार रात खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी इलाके में वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे निर्माणाधीन बाइपास की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ में थाना प्रभारी (SHO) के हाथ में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रवि यादव पर पहले से छह आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन बिंद के बेटे आजाद बिंद की 1 मई को शादी थी। आजाद पुणे में एक निजी कंपनी में काम करता था। उसकी बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रही थी।
UP News: दुल्हन के बयान से खुला राज
रात करीब 8 बजे बारात रास्ते में रुकी हुई थी। दूल्हे का भाई आकाश भी उसी कार में मौजूद था। आकाश के मुताबिक, तभी अपाचे बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। दोनों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था और आंखों पर काला चश्मा लगा रखा था। बाइक की नंबर प्लेट भी ढकी हुई थी। हमलावरों ने कार का शीशा खटखटाया। जैसे ही आजाद ने शीशा नीचे किया, पीछे बैठे बदमाश ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में आजाद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के भागने का CCTV फुटेज मिला। दूल्हे के भाई आकाश और दुल्हन सोनी बिंद ने आरोपियों की पहचान की। दुल्हन सोनी ने पुलिस को बताया कि वह और आजाद दूर के रिश्तेदार थे और दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों प्रेम संबंध में थे और परिवार की सहमति से शादी कर रहे थे। सोनी के मुताबिक, उसका ममेरा भाई प्रदीप बिंद इस रिश्ते के खिलाफ था। वह कई बार उसे आजाद से बात करने से रोक चुका था। शादी से दो दिन पहले प्रदीप घर आया था, लेकिन वारदात वाले दिन अचानक बिना बताए निकल गया। बाद में पता चला कि उसी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को शरण देने और सहयोग करने के आरोप में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़े… बकरीद को लेकर CM योगी के निर्देश पर बोले राजभर- ‘जो आवागमन बाधित करेगा उसके खिलाफ होगा एक्शन’








