UP NEWS: उत्तर प्रदेश के शामली में चर्चित मतांतरण मामले में नया मोड़ सामने आया है। दवा व्यापारी देवराज मलिक के पुत्र आयुष मलिक ने एक वीडियो जारी कर सनातन धर्म में वापसी करने की घोषणा की। वीडियो में वह अपने घर के मंदिर में पूजा-अर्चना करते, गायत्री मंत्र के बीच हनुमान जी की आराधना करते और माता-पिता व परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते दिखाई दिए। आयुष ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार के लिए धर्म वापसी की है और भविष्य में हमेशा हिंदू धर्म में ही रहेंगे।
वीडियो जारी कर की घोषणा
करीब दो मिनट के वीडियो में आयुष मलिक ने कहा कि उन्होंने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाया है। वीडियो में पूजा-पाठ के बाद परिवार के सदस्यों के चरण स्पर्श करते हुए भी वह नजर आए। आयुष के पिता देवराज मलिक ने पुष्टि की कि वीडियो उन्होंने ही सार्वजनिक कराया है। उन्होंने कहा कि परिवार इस निर्णय से बेहद खुश है।
UP NEWS: मतांतरण के आरोपों से जुड़ा था मामला
परिवार का आरोप है कि आयुष को एक युवती और उसके सहयोगियों ने प्रेमजाल में फंसाकर मानसिक रूप से प्रभावित किया और बाद में उसका मतांतरण कराया। शिकायत के अनुसार, संपत्ति हड़पने और आर्थिक लाभ लेने के उद्देश्य से यह पूरा षड्यंत्र रचा गया था। पुलिस में दर्ज एफआईआर में कई लोगों और कुछ मौलानाओं के नाम शामिल किए गए हैं।
जांच में कई गंभीर आरोप
पुलिस जांच में आरोप लगाया गया कि आयुष का कथित तौर पर धार्मिक वीडियो दिखाकर ब्रेनवॉश किया गया और बाद में दिल्ली ले जाकर मतांतरण कराया गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि मतांतरण के बाद निकाह के नाम पर उससे लगातार धन की मांग की जाती रही।
UP NEWS: अब तक तीन गिरफ्तार, कई आरोपी फरार
इस मामले में पुलिस चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शामली के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
मेरे पुत्र ने अपने धर्म में वापसी कर ली है और हम सब इस निर्णय से बेहद खुश हैं। फिलहाल मेरा पुत्र बाहर है, वह अभी घर पर मौजूद नहीं है। वीडियो मैंने ही प्रसारित कराया है।
-देवराज मलिक, दवा व्यापारी
ये भी पढ़े… बिजनौर पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी, राम मंदिर चंदा विवाद से लेकर यूपी चुनाव तक दिए कई बयान








