Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » बाराबंकी की अनोखी शादी: फेरे से पहले दूल्हे ने रखी अनोखी शर्त, पूछा- गैस नहीं मिली तो चूल्हे पर खाना बनाओगी?, दुल्हन के जवाब ने लूट ली महफिल

बाराबंकी की अनोखी शादी: फेरे से पहले दूल्हे ने रखी अनोखी शर्त, पूछा- गैस नहीं मिली तो चूल्हे पर खाना बनाओगी?, दुल्हन के जवाब ने लूट ली महफिल

दुल्हन से पूछा- चूल्हे पर खाना पका लोगी

UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक ऐसी अनोखी शादी की कहानी सामने आई है, जो न सिर्फ लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रही है, बल्कि रिश्तों को लेकर एक गहरा संदेश भी दे रही है। आमतौर पर शादियों में दूल्हा-दुल्हन के बीच हंसी-मजाक और रस्मों का माहौल होता है, लेकिन यहां एक दूल्हे ने सात फेरे लेने से पहले ऐसा सवाल पूछ लिया, जिसने कुछ पल के लिए पूरे माहौल को गंभीर बना दिया और फिर उसी जवाब ने खुशी में बदल दिया।

अब जानें पूरा मामला

ये मामला थाना लोनी कटरा क्षेत्र का है, जहां अशोक नाम के युवक की शादी लक्ष्मी नाम की युवती से तय हुई थी। शादी का माहौल पूरी तरह से उत्सव में डूबा हुआ था। बारात धूमधाम से पहुंची, स्वागत हुआ, और फिर बारी आई जयमाल की रस्म की। लेकिन ठीक इसी मौके पर दूल्हे अशोक ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। जयमाल से ठीक पहले, सबके सामने अशोक ने अपनी होने वाली दुल्हन लक्ष्मी से एक शर्त रख दी। उन्होंने पूछा- अगर भविष्य में कभी रसोई गैस सिलेंडर की कमी हो जाए, जैसी कि अभी हो रही है, तो क्या आप चूल्हे पर खाना बनाने के लिए तैयार रहेंगी? यह सवाल सुनते ही वहां मौजूद बाराती और घराती कुछ क्षणों के लिए एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे। माहौल में हल्की चुप्पी छा गई।

दुल्हन लक्ष्मी ने कहा चूल्हे में खाना पकाने की शर्त मंजूर है।

दरअसल, इस सवाल के पीछे एक बड़ी वजह थी। शादी से कुछ दिन पहले अशोक को घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। उन्होंने कई दिनों तक गैस एजेंसी के चक्कर लगाए, लंबी-लंबी लाइनों में लगे, लेकिन फिर भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाया। इस अनुभव ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि अगर भविष्य में ऐसी स्थिति फिर से आती है, तो घर कैसे चलेगा। अशोक की यह शर्त सुनकर दुल्हन लक्ष्मी ने बिना किसी झिझक के बहुत ही शांत और समझदारी भरा जवाब दिया। उन्होंने तुरंत हामी भर दी और कहा कि अगर ऐसी परिस्थिति आती है, तो वह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए तैयार रहेंगी। उनके इस जवाब ने न सिर्फ दूल्हे को संतुष्ट किया, बल्कि वहां मौजूद हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान ला दी। माहौल एक बार फिर खुशियों से भर गया।

अनोखी शादी इलाके में चर्चा का विषय बनी 

इसके बाद जयमाल की रस्म पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुई और शादी की बाकी रस्में भी धूमधाम से पूरी की गईं। ग्रामीणों और रिश्तेदारों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बन गई। हर कोई इस अनोखी शर्त और दुल्हन के जवाब की तारीफ करता नजर आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भले ही यह शर्त सुनने में थोड़ी अजीब या मजाकिया लगे, लेकिन इसके पीछे एक गहरी सोच छिपी है। आज के समय में जहां छोटी-छोटी बातों पर रिश्तों में दरार आ जाती है, वहीं इस जोड़े ने यह दिखा दिया कि समझदारी, सहयोग और परिस्थिति के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता ही एक मजबूत रिश्ते की नींव होती है।

दूल्हे अशोक ने जयमाल से पहले रखी थी चूल्हे पर खाना बनाने की शर्त।

आपको बता दें कि अशोक एक प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि लक्ष्मी ग्रेजुएट हैं। दोनों ही सामान्य परिवार से आते हैं, लेकिन उनकी सोच ने इस शादी को खास बना दिया। यह घटना यह भी दिखाती है कि आज की नई पीढ़ी सिर्फ दिखावे पर नहीं, बल्कि व्यावहारिक जीवन और आने वाली चुनौतियों को लेकर भी गंभीरता से सोच रही है। अब यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोग इसे सिर्फ एक मजेदार किस्से के रूप में नहीं, बल्कि एक सीख के तौर पर भी देख रहे हैं। यह कहानी हमें यह समझाती है कि जीवन में मुश्किलें आना तय है, लेकिन अगर पति-पत्नी एक-दूसरे का साथ देने के लिए तैयार हों, तो हर परेशानी का हल निकाला जा सकता है।

ये भी पढ़े… पश्चिम बंगाल में आखिरी चरण का मतदान, पोलिंग बूथों पर वोटर्स की लंबी कतारें, सुबह 9 बजे तक 18.39 प्रतिशत वोट पड़े

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments