UP News: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। ताजा मामला गाजियाबाद जिले का है, जहां से सामने आए एक वीडियो ने सबका ध्यान खींच लिया है, जिसमें कई अपराधी हाथों में पोस्टर लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में अपराधियों के हाथों में ऐसे पोस्टर दिखाई दे रहे हैं, जिन पर लिखा कि योगी जी हमें माफ कर दो, कसम खाते हैं कि भविष्य में कभी अपराध नहीं करेंगे। यह नजारा उस समय देखने को मिला जब गाजियाबाद पुलिस ने अपराधियों के सत्यापन और चिन्हीकरण का विशेष अभियान तेज कर दिया।

पुलिस ने मामले में क्या कहा?
पुलिस की कार्रवाई के दौरान चिन्हित अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों, पते और पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। इसी बीच कुछ अपराधी खुद सामने आकर अपराध छोड़ने की बात करते और माफी मांगते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वही इस मामले में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि जिले में एक हजार से अधिक चिन्हित अपराधियों का सत्यापन किया जाना है। अभियान के तहत यह भी जांच की जा रही है कि संबंधित व्यक्ति वर्तमान में क्या कर रहा है और कहीं किसी नई आपराधिक गतिविधि में तो शामिल नहीं है।

पुलिस अपराधियों के वर्तमान पते, पहचान और गतिविधियों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में यदि कोई चिन्हित अपराधी दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, गाजियाबाद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग इसे उत्तर प्रदेश सरकार की सख्त कानून व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर बता रहे हैं।








