UP POLITICS: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। बलिया में अपने विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन इसलिए किया क्योंकि वह “सच लिख रहे हैं”। उन्होंने अखिलेश यादव से अपने कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने की नसीहत देते हुए कहा कि अगर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश हुई तो योगी सरकार उससे सख्ती से निपटना जानती है।
‘सच लिख रहा हूं, इसलिए विरोध हो रहा’
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि बलिया में सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता उनके खिलाफ सड़क पर उतर आए, क्योंकि उन्हें सच बर्दाश्त नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की मानसिकता हमेशा गैर-यादव पिछड़े वर्गों के प्रति भेदभावपूर्ण रही है।
UP POLITICS: ‘मुर्दाबाद के नारों से डरने वाला नहीं’
राजभर ने कहा कि वह मुर्दाबाद के नारों और काले झंडों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने लिखा कि वह संघर्ष से निकले नेता हैं और समाज की लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर दम है तो चुनावी मैदान में मुकाबला करें, सड़क पर हंगामा करने से कुछ नहीं होगा।
‘भगवा फिर भी लहराएगा’
सुभासपा प्रमुख ने कहा कि जनता अगर उनके समर्थन में सड़क पर उतर आई तो सपा कहीं की नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि चाहे काला, लाल या हरा रंग दिखाया जाए, अंततः भगवा ही लहराएगा। साथ ही चेतावनी दी कि योगी सरकार गुंडों से सख्ती से निपटना जानती है।
UP POLITICS: बलिया में हुआ था विरोध प्रदर्शन
शनिवार को बलिया दौरे से पहले रतसड़ क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ओपी राजभर के खिलाफ काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किया और ‘ओपी राजभर गो बैक’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारी उनका पुतला फूंकना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर उन्हें रोक दिया। कुछ देर तक क्षेत्र में तनाव की स्थिति रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात सामान्य हो गए।
ये भी पढ़े… CM योगी का ग्रीन मिशन ऑन! ‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ के तहत लगेंगे 35 करोड़ पौधे








