UP Politics: संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता सदन के बाहर बेवजह धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि उन्हें सदन के भीतर चर्चा करनी चाहिए। राजभर ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी पर संवाद के बजाय अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।
‘चर्चा से भाग रहे हैं राहुल गांधी’
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जेपी नड्डा के बयान से वह सहमत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता संसद के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हैं और गलत बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा, “सदन में चर्चा करने से राहुल गांधी भाग रहे हैं।” राजभर ने राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह विदेश जाकर देश और चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में राहुल गांधी की बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
UP Politics: पंचायत चुनाव में देरी पर सपा को घेरा
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर भी ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में देरी के लिए सपा जिम्मेदार है, क्योंकि पार्टी ने पंचायत चुनाव को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। राजभर के मुताबिक, हाईकोर्ट के आदेश के बाद पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया गया है। अब आयोग से जुड़ी प्रक्रिया पर हाईकोर्ट के अगले आदेश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अबन अहमद की मौत पर अबू आजमी के सवाल का जवाब
सपा और अन्य विपक्षी नेताओं की ओर से उठाए जा रहे अन्य मुद्दों पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। अबू आजमी द्वारा अतीक के बेटे अबन अहमद की मौत को लेकर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि जिस वाहन में हादसा हुआ, उसमें मौजूद व्यक्ति ने खुद बताया था कि डिवाइडर से टकराने के कारण दुर्घटना हुई। राजभर ने कहा कि अबू आजमी को मामले की पूरी जानकारी नहीं है।
UP Politics: मदरसों में भी चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
यूपी सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अभियान शुरू किया गया है और युवाओं में इसे लेकर उत्साह है। दानिश आजाद ने कहा कि प्रदेश के मदरसे भी अभियान में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि मदरसों में तिरंगा फहराने, राष्ट्रगान और युवाओं की भागीदारी के जरिए अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
‘वंदे मातरम’ पर सपा को घेरा
सपा सांसद रामजीलाल सुमन की ‘वंदे मातरम’ को लेकर टिप्पणी पर दानिश आजाद ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नकारात्मक एजेंडे के जरिए समाज को गुमराह करने की कोशिश करती रही है।
वहीं मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का सम्मान हर भारतीय को करना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर राष्ट्रीय पर्व और प्रतीकों को लेकर आपत्ति जताने का आरोप लगाया। संसद में छात्रों के आंदोलन और अन्य मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी टकराव के बीच यूपी सरकार के मंत्रियों के इन बयानों से राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।
ये भी पढ़े… अखिलेश-राहुल को ‘अंकल’ बताकर आकाश आनंद ने चला नया दांव, क्या है BSP का Gen Z प्लान? जानिए विस्तार से…








