Home » उत्तर प्रदेश » यूपी की सियासत गरमाई! अखिलेश पर दानिश आजाद का तीखा वार, बोले- 2027 में जनता देगी जवाब

यूपी की सियासत गरमाई! अखिलेश पर दानिश आजाद का तीखा वार, बोले- 2027 में जनता देगी जवाब

UP POLITICS: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर किए गए दावों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि 2027 में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी का भ्रम तोड़ देगी और भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

‘सपा दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं करेगी’

मीडिया से बातचीत में दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी जिस गलतफहमी में है, उसका जवाब जनता चुनाव में देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हमेशा प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है और 2012 से 2017 के शासनकाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त रही। उनका दावा था कि 2027 के चुनाव में सपा अपनी मौजूदा सीटों का आधा आंकड़ा भी नहीं बचा पाएगी और दहाई तक पहुंचना भी उसके लिए मुश्किल होगा।

UP POLITICS: पीडीए और गठबंधन पर साधा निशाना

दानिश आजाद अंसारी ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) अभियान को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पहले यह तय करें कि उन्हें करना क्या है, क्योंकि दोनों दलों के बीच लगातार नेतृत्व और गठबंधन को लेकर असमंजस बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल जनता की सेवा नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक हित साधने में लगे हैं।

‘विकास के दम पर फिर बनेगी भाजपा सरकार’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता भाजपा के कार्यों पर भरोसा जताते हुए 2027 में फिर पूर्ण बहुमत देगी।

UP POLITICS: राम मंदिर मामले पर भी दिया जवाब

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना कुछ दलों की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े… मैहर-रीवा हाईवे पर भीषण हादसा, पूर्व MLA के परिवार के 5 लोगों की मौत; बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे