Breaking News
Home » Foreign Affairs » Texas में भारतीय मूल के परिवार की दर्दनाक हत्या, बेटे पर माता-पिता और दादी की गोली मारकर हत्या का आरोप

Texas में भारतीय मूल के परिवार की दर्दनाक हत्या, बेटे पर माता-पिता और दादी की गोली मारकर हत्या का आरोप

Usa news: अमेरिका के टेक्सास राज्य से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टेक्सास के अल्टन शहर में भारतीय मूल के एक परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 23 वर्षीय गौरव चोपड़ा को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपने ही माता-पिता और दादी की हत्या करने का आरोप है।

सिर में गोली लगने से तीनों की मौत

हिडाल्गो काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, मृतकों की पहचान 56 वर्षीय स्वीता राम, 46 वर्षीय कमलेश रानी और 73 वर्षीय मिंदर कौर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों की मौत सिर में गोली लगने के कारण हुई।

Usa news: भाई पर भी चलाई गोली, बाल-बाल बची जान

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गौरव चोपड़ा ने कथित तौर पर अपने माता-पिता और दादी को गोली मारने के बाद अपने भाई को भी निशाना बनाया। हालांकि, उसका भाई किसी तरह जान बचाने में सफल रहा। घटना के तुरंत बाद उसने 911 पर कॉल कर पुलिस को पूरी जानकारी दी।

Usa news: वारदात के बाद भागा आरोपी, पीछा कर पकड़ा गया

हत्या के बाद गौरव चोपड़ा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया और कुछ समय बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक सड़क दुर्घटना भी हुई, जिसमें दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस को दुर्घटनास्थल से एक हैंडगन भी बरामद हुई है, जिसे मामले से जुड़ा महत्वपूर्ण सबूत माना जा रहा है।

कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

अदालत में पेशी के दौरान गौरव चोपड़ा पर कई लोगों की हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर आरोप लगाए गए। उस पर पूंजीगत हत्या (Capital Murder) का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल अदालत ने उसे जमानत देने से इनकार कर दिया है।

हत्या की वजह अब भी रहस्य

हिडाल्गो काउंटी के शेरिफ एडी गुएरा ने बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही हैं।

UTRGV का छात्र है आरोपी

Usa news: मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गौरव चोपड़ा यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास रियो ग्रांडे वैली (UTRGV) का छात्र है। घटना के बाद स्थानीय समुदाय में भी शोक और हैरानी का माहौल है।

 

 

ये भी पढ़ें: कर्नाटक में कांग्रेस ने 7 में से 5 सीटें जीतीं, अब BJP में क्रॉस वोटिंग को लेकर मंथन