Vaibhav Suryavansh: 15 साल की उम्र में क्रिकेट दुनिया में तहलका मचाने वाले युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ क्रिकेट फैंस ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टार्स के भी पसंदीदा बनते जा रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स के इस विस्फोटक बल्लेबाज़ का जलवा अब WWE तक पहुंच चुका है। मशहूर WWE रेसलर Drew McIntyre ने सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले से पहले वैभव को खास अंदाज़ में सपोर्ट किया।
ड्र्यू मैकइंटायर ने शेयर किया खास वीडियो
ड्र्यू मैकइंटायर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह जिम में वर्कआउट करते नजर आए। खास बात यह रही कि उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की वह जर्सी पहन रखी थी, जिस पर वैभव सूर्यवंशी का नाम लिखा हुआ था। वीडियो सामने आते ही क्रिकेट और WWE फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।ड्र्यू पहले भी भारतीय क्रिकेट टीम और IPL खिलाड़ियों को सपोर्ट करते नजर आ चुके हैं। 2023 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने टीम इंडिया के समर्थन में वीडियो शेयर किए थे। IPL 2026 में वह जसप्रीत बुमराह की जर्सी में भी दिखाई दिए थे, लेकिन अब उनका नया पसंदीदा नाम वैभव सूर्यवंशी बनते नजर आ रहे हैं।
Vaibhav Suryavansh: कम उम्र में बना लिया बड़ा नाम
राजस्थान रॉयल्स ने वैभव को बेहद कम उम्र में अपनी टीम से जोड़ा था। जब फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें खरीदा, तब उनकी उम्र सिर्फ 13 साल थी। इसके बाद उन्होंने 14 साल की उम्र में IPL डेब्यू कर इतिहास रच दिया। अब 15 साल के होते-होते वैभव दुनिया भर में चर्चा का विषय बन चुके हैं।उनकी बल्लेबाज़ी का अंदाज़ बिल्कुल निडर है। पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेलने की क्षमता उन्हें बाकी युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है। बड़े-बड़े गेंदबाज़ भी उनके सामने दबाव में दिखाई देते हैं।
Vaibhav Suryavansh: हैदराबाद के खिलाफ लगाया था तूफानी शतक
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोला है। उन्होंने लीग स्टेज के 14 मुकाबलों में 583 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। खास बात यह रही कि उनका एकमात्र शतक सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आया था।वैभव ने सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर नया इतिहास रचा था। यह IPL इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक बन गया। उनकी इस पारी ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया।
अब नजर क्रिस गेल के रिकॉर्ड पर
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बन चुके हैं। अब उनकी नजर Chris Gayle के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर है। गेल ने 2012 में एक सीजन में 59 छक्के लगाए थे और यह रिकॉर्ड आज तक कायम है। वैभव इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।आज मुल्लांपुर स्टेडियम में Sunrisers Hyderabad और Rajasthan Royals के बीच IPL 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा, जबकि जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी।इस सीजन दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले खेले गए हैं और दोनों बार सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत हासिल की है। हालांकि हैदराबाद के खिलाफ वैभव का शतक राजस्थान के लिए बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया है। अब सभी की निगाहें इस युवा स्टार पर टिकी होंगी कि क्या वह एक बार फिर अपने बल्ले से धमाका कर पाएंगे।
ये भी पढ़े: सनातन को ‘गंदा धर्म’ बताने वाली ममता बनर्जी पर FIR दर्ज होते ही TMC में हड़कंप








