Home » राष्ट्रीय » वंदे मातरम् विवाद पर खरगे का पलटवार, बोले- अगर गुनाह है तो गांधी-वाजपेयी भी गुनहगार

वंदे मातरम् विवाद पर खरगे का पलटवार, बोले- अगर गुनाह है तो गांधी-वाजपेयी भी गुनहगार

Vande Mataram

Vande Mataram: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वंदे मातरम् को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच बीजेपी पर जोरदार पलटवार किया है। गोवा में मीडिया से बातचीत के दौरान खरगे ने कहा कि उन्होंने वही वंदे मातरम् गाया है, जिसे महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी गाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर वंदे मातरम् गाना अपराध है, तो इन नेताओं को भी गुनहगार माना जाना चाहिए।

गांधी-नेहरू के खिलाफ भी केस दर्ज करो- खरगे

खरगे ने कहा कि उन्होंने वही वंदे मातरम् गाया जो महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू गाते थे। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर इसे गाना अपराध है तो गांधी जी के खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए। नेहरू और सरदार पटेल के खिलाफ भी केस दर्ज होना चाहिए। खरगे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भी वही वंदे मातरम् गाया था, इसलिए उनके खिलाफ भी केस होना चाहिए।

Vande Mataram: कांग्रेस ने 90 साल पुरानी परंपरा निभाई

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ने कोई नई परंपरा शुरू नहीं की, बल्कि करीब 90 साल से चली आ रही परंपरा को ही आगे बढ़ाया है। खरगे के मुताबिक, बीजेपी को यह समझना चाहिए कि उसके अस्तित्व में आने से पहले ही कांग्रेस ने देश के लिए राष्ट्रीय गीतों को लेकर अपनी परंपरा और व्यवस्था तय कर रखी थी। उन्होंने कहा कि केवल किसी पार्टी के कह देने से कोई बात राष्ट्रीय नियम नहीं बन जाती।

बीजेपी के आरोपों पर भी साधा निशाना

खरगे ने कहा कि बीजेपी जो कहेगी, वह देश में नियम नहीं बन जाएगा। उन्होंने कहा कि आज एक सरकार है और कल दूसरी सरकार आ सकती है। अगर हर सरकार अपने हिसाब से नियम बदलने लगे तो व्यवस्था कैसे चलेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने इसी आधार पर वंदे मातरम् को लेकर बीजेपी के आरोपों पर सवाल खड़े किए।

Vande Mataram: कैसे शुरू हुआ वंदे मातरम् विवाद?

वंदे मातरम् को लेकर विवाद 15 अगस्त के बाद शुरू हुआ। बीजेपी ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत का कथित तौर पर अपमान करने और उसे बीच में रोकने का आरोप लगाया। बीजेपी का आरोप था कि सोनिया गांधी ने इशारा करके वंदे मातरम् को बीच में रुकवा दिया। इसके बाद मामला राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब गोवा में कांग्रेस की एक रैली के दौरान वंदे मातरम् के सभी छह छंदों के बजाय केवल शुरुआती दो छंद गाए गए। इसी मुद्दे को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

ये भी पढ़ें…दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में माना, प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में तैनात थे जवान