Varanasi Mosque Demolition: वाराणसी में मंगलवार रात करीब 12 बजे प्रशासन ने राजघाट क्षेत्र स्थित लगभग 200 साल पुरानी अजगैब शहीद मस्जिद को बुलडोजर की मदद से गिरा दिया। इस स्थान पर नए काशी मॉडल रेलवे स्टेशन के निर्माण की योजना है, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई शुरू होने से पहले एसीपी शिवहरी मीणा अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। मस्जिद के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। इसके बाद पांच बुलडोजर मौके पर लगाए गए और लगभग 42 फीट ऊंचे ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया।
बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस और पीएसी के करीब एक हजार जवान मौके पर तैनात रहे। इसके अलावा डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी विजय प्रताप, कोतवाली एसीपी चेतगंज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।मस्जिद को गिराने के बाद रात में ही मलबे को वाहनों में भरकर हटाने का काम शुरू कर दिया गया।

Varanasi Mosque Demolition: दो साल से चल रहा था विवाद
भदऊ चुंगी स्थित किला कोहना क्षेत्र में अजगैब शहीद मस्जिद और कब्रिस्तान मौजूद हैं। मुस्लिम पक्ष का कहना है कि मस्जिद का इतिहास लगभग 200 साल पुराना है।मस्जिद के मुतवल्ली शमीम उस्ताद थे, जिनका करीब दो महीने पहले निधन हो गया था।
प्रशासन के अनुसार, जिस जमीन पर मस्जिद और कब्रिस्तान बने हुए थे, वह रेलवे की पुरानी भूमि है। अधिकारियों का दावा है कि पहले वहां मजार बनाकर कब्जा किया गया और बाद में मस्जिद तथा कब्रिस्तान का निर्माण कर लिया गया।
साल 2024 में काशी मॉडल रेलवे स्टेशन की योजना तैयार होने के बाद भूमि की पैमाइश कराई गई। इस दौरान रेलवे को कथित अतिक्रमण की जानकारी मिली। इसके बाद रेलवे ने जमीन खाली करने की प्रक्रिया शुरू की।
कोर्ट तक पहुंचा मामला
जमीन से जुड़े विवाद का मामला अदालत तक पहुंचा था। हाल ही में अदालत में संबंधित मुतवल्ली की ओर से दायर मामला खारिज हो गया। इसके बाद रेलवे ने जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया, लेकिन निर्धारित समय में भूमि खाली नहीं की गई।नोटिस का पालन न होने के बाद मंगलवार रात प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मस्जिद को ध्वस्त कर दिया।

मलबा हटाने का काम जारी
बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रशासन की निगरानी में जेसीबी मशीनों और मजदूरों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, पूरे क्षेत्र को साफ करने का काम लगातार जारी है।
प्रशासन ने कार्रवाई से पहले किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी और लगभग 1000 जवानों को मौके पर रखा गया था, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
ये भी पढ़ें…Monalisa Case: मोनालिसा भोसले मामले में अग्रिम जमानत पर फैसला सुरक्षित








