Breaking News
Home » पश्चिम बंगाल » शुभेंदु अधिकारी क्यों हैं बंगाल के CM पद के सबसे मजबूत दावेदार? रेस में और कौन-कौन शामिल

शुभेंदु अधिकारी क्यों हैं बंगाल के CM पद के सबसे मजबूत दावेदार? रेस में और कौन-कौन शामिल

West Bengal BJP CM: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर खड़ा हो गया है। पार्टी पहली बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है, ऐसे में यह फैसला राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

रेस में सबसे आगे शुभेंदु अधिकारी

सीएम पद की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार शुभेंदु अधिकारी माने जा रहे हैं। उन्होंने नंदीग्राम के बाद इस बार भवानीपुर सीट से भी ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। मिदनापुर क्षेत्र में उनका मजबूत प्रभाव और संगठन पर पकड़ उनकी दावेदारी को और मजबूत बनाती है।

West Bengal BJP CM: दिल्ली में मंथन, बंगाली चेहरे पर जोर

पार्टी नेतृत्व इस मुद्दे पर दिल्ली में मंथन कर रहा है। पहले ही यह संकेत दिया जा चुका है कि मुख्यमंत्री का चेहरा बंगाल से ही होगा, ताकि स्थानीय नेतृत्व को बढ़ावा मिल सके और जनता से सीधा जुड़ाव बना रहे।

रेस में और कौन-से नाम?

शुभेंदु भले ही इस पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हो, लेकिन लिस्ट में और भी कई बड़े नाम शामिल है। रेस में दिलीप घोष, समिक भट्टाचार्य, अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली जैसे नाम भी शामिल हैं।

दिलीप घोष- वह बंगाल के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं। साल 2015 से 2021 तक BJP के अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने बंगाल में पार्टी का जनाधार बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। ऐसे में उनके नाम की भी खासा चर्चा है।

समिक भट्टाचार्य- वर्तमान में बंगाल BJP के प्रदेश अध्यक्ष हैं और पार्टी के संगठनात्मक नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करने वाले समिक भी रेस में शामिल हैं। बंगाल में BJP के लिए मजबूत संगठनात्मक आधार तैयार करने का बड़ा श्रेय उन्हें दिया जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट किया, पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया। शिक्षित मध्यम वर्ग की छवि रखने वाले समिक बंगाली संस्कृति को अच्छी तरह समझते हैं और आरएसएस से भी उनके गहरे संबंध रहे हैं।

अग्निमित्रा पॉल- ऐसे भी चर्चाएं हैं कि बीजेपी किसी महिला को यह जिम्मेदारी सौंप सकती हैं। ऐसे में अग्निमित्रा पॉल का नाम आगे है। उनकी छवि तेजतर्रार महिला नेताओं में होती है। उन्हें जनवरी 2026 में पश्चिम बंगाल BJP की उपाध्यक्ष बनाया गया था। वे BJP की महासचिव और BJP महिला मोर्चा की अध्यक्ष का जिम्मा भी संभाल चुकी हैं। अग्निमित्रा पेशे से फैशन डिजाइनर हैं।

रूपा गांगुली- पार्टी महिला मुख्यमंत्री चुनती है, तो इस रेस में दूसरा नाम रूपा गांगुली का है। उन्होंने बीआर चोपड़ा के ऐतिहासिक टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ (1988) में द्रौपदी की भूमिका निभाई है। रूपा राज्यसभा की पूर्व सदस्य रह चुकी हैं और पश्चिम बंगाल में BJP महिला मोर्चा की अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है।

इनमें संगठनात्मक अनुभव, जनाधार और क्षेत्रीय संतुलन जैसे कई फैक्टर देखे जा रहे हैं। इससे महिला वोट बैंक को मजबूत संदेश देने की रणनीति भी जुड़ी मानी जा रही है।

West Bengal BJP CM: ऐतिहासिक जीत के बाद बड़ा फैसला

चुनाव में बीजेपी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतकर इतिहास रचा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस इस बार 100 सीटों के अंदर सिमट गई। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि पार्टी किस चेहरे पर भरोसा जताकर बंगाल की सत्ता की कमान सौंपती है। कुल मिलाकर, बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब असली राजनीतिक फैसला CM चेहरे को लेकर होना बाकी है, जो आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।

ये भी पढ़े… नूंह में मौत का तांडव! भीषण टक्कर में 5 पुलिसकर्मियों की गई जान

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments