Home » पश्चिम बंगाल » झारखंड में मजदूर की मौत, बंगाल के बेलडांगा में उबाल रेल और NH-12 ठप

झारखंड में मजदूर की मौत, बंगाल के बेलडांगा में उबाल रेल और NH-12 ठप

West bengal news:
Spread the love

West bengal news: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में एक प्रवासी मजदूर की झारखंड में हुई मौत को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने बेलडांगा रेलवे स्टेशन और राष्ट्रीय राजमार्ग-12 को जाम कर दिया, जिससे उत्तर और दक्षिण बंगाल के बीच रेल और सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर घंटों विरोध किया और सड़क पर टायर जलाए। इस दौरान हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब एक महिला पत्रकार के साथ मारपीट की घटना सामने आई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी के आरोप लगाए हैं।

फंदे से लटका मिला शव, परिवार ने जताई साजिश की आशंका

मृतक की पहचान 30 वर्षीय अलाउद्दीन शेख के रूप में हुई है, जो बेलडांगा के सुजापुर कुम्हारपुर ग्राम पंचायत का निवासी था। वह झारखंड में फेरी लगाकर रोजी-रोटी कमाता था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को उसका शव झारखंड में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। हालांकि, परिवार और स्थानीय ग्रामीण इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि अलाउद्दीन की पहले पिटाई कर हत्या की गई और बाद में सबूत मिटाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।

West bengal news: निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन तनाव अब भी बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

West bengal news: सुवेंदु ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रवासी मजदूरों पर हो रहे अत्याचारों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बेलडांगा में अल्पसंख्यकों का गुस्सा जायज है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पीड़ित परिवार को मदद दी जा रही है। वहीं, विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और ट्रेन सेवाएं ठप होने से आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है और इलाके में असामाजिक तत्वों का दबदबा बढ़ता जा रहा है।

यह भी पढे़ : सुप्रीम कोर्ट के जज से ठगी की कोशिश, फर्जी ट्रैफिक चालान का लिया सहारा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments