WhatsApp APK Fraud: उत्तर प्रदेश के अमेठी में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। व्हाट्सएप पर आई एक संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करना युवक को भारी पड़ गया। फाइल डाउनलोड करने के बाद साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से कुल 6.03 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
WhatsApp APK Fraud: व्हाट्सएप ग्रुप में आई थी संदिग्ध APK फाइल-
पीड़ित शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा के बचत खाते से यह रकम निकाली गई। घटना से पहले ‘दुर्गा पूजा समिति’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में एक संदिग्ध APK फाइल भेजी गई थी। जानकारी के अभाव में उन्होंने फाइल डाउनलोड कर ली।
WhatsApp APK Fraud: बैंक खाते से कई ट्रांजेक्शन में निकले लाखों रुपये-
पीड़ित के अनुसार, APK फाइल डाउनलोड करने के बाद साइबर अपराधियों ने मोबाइल तक पहुंच बना ली और बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग किया। 26 मई को अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 2.50 लाख रुपये, 2.50 लाख रुपये, 50 हजार रुपये, 28,200 रुपये और 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 6,03,200 रुपये की ठगी हुई।
40 दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा-
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की। शिकायत के करीब 40 दिन बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी-
थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़े- ईरान का मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों पर बड़ा मिसाइल हमला, बहरीन में सायरन, UAE की एयर डिफेंस सक्रिय








