Yogi: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना लाखों बुजुर्ग महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बन रही है। प्रदेश सरकार वर्तमान में 29,23,364 बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन का लाभ दे रही है। आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय महिलाओं के लिए यह योजना सम्मानपूर्वक जीवन जीने का माध्यम बन गई है। सरकार हर महीने एक हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान कर रही है, जो सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
डीबीटी के जरिए सीधे खाते में पहुंच रही राशि
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, योजना को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जा रहा है। लाभार्थियों को हर तिमाही तीन हजार रुपए सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं। डीबीटी व्यवस्था लागू होने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और समय पर पेंशन राशि मिल रही है। नियमित सहायता मिलने से बुजुर्ग महिलाओं को दवा, राशन और अन्य जरूरी खर्चों में राहत मिल रही है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है।
Yogi: जौनपुर और आजमगढ़ में सबसे ज्यादा लाभार्थी
प्रदेश में जौनपुर जिला इस योजना का सबसे बड़ा लाभार्थी जिला बनकर सामने आया है। यहां 1,00,820 बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन मिल रही है। इसके बाद आजमगढ़ में 86,166 और बलिया में 79,160 महिलाएं योजना से जुड़ी हुई हैं। प्रशासन लगातार पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें योजना में शामिल कर रहा है, ताकि कोई जरूरतमंद लाभ से वंचित न रहे।
आत्मनिर्भरता और सम्मान बढ़ाने की पहल
सरकार का मानना है कि नियमित आर्थिक सहायता से बुजुर्ग महिलाओं का आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान बढ़ा है। अब उन्हें छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार गरीब और जरूरतमंद वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार कर रहे हैं। वृद्धावस्था पेंशन योजना को प्रदेश की प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में शामिल किया गया है।
ये भी पढ़ें…IPL 2026: फिन एलन के तूफानी शतक से केकेआर की शानदार जीत








