IPL 2026: आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 142 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने लक्ष्य को सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ कोलकाता की टीम ने प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
शुरुआती झटकों के बाद एलन और ग्रीन ने संभाली पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे 13 रन बनाकर रन आउट हो गए, जबकि अंगकृष रघुवंशी सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद फिन एलन और कैमरून ग्रीन ने पारी को संभाला और दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 116 रनों की नाबाद साझेदारी की। फिन एलन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 10 शानदार छक्के लगाए। वहीं कैमरून ग्रीन ने 33 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया।
IPL 2026: दिल्ली की बल्लेबाजी रही फीकी
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ठीक रही थी। पाथुम निसांका और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। राहुल ने 23 रन बनाए, जबकि निसांका ने 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि मध्यक्रम पूरी तरह विफल रहा। नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल बड़ी पारी नहीं खेल सके।
अंत में आशुतोष शर्मा ने 39 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय ने दो-दो विकेट लिए। दिल्ली की यह सीजन की सातवीं हार रही, जिससे उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें कमजोर हो गई हैं।








