Zero Traffic: सावन के अंतिम सोमवार को लेकर मुरादाबाद में पुलिस-प्रशासन ने कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। रविवार सुबह 6 बजे से दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जीरो ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है। हाईवे की दोनों लेन सामान्य वाहनों के लिए बंद कर कांवड़ियों और उनके वाहनों के लिए आरक्षित की गई हैं। सामान्य यातायात को अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। यह व्यवस्था सोमवार दोपहर 2 बजे तक लागू रहेगी।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कांवड़ियों के लिए दोनों लेन आरक्षित
जीरो ट्रैफिक व्यवस्था के तहत मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन का इस्तेमाल ब्रजघाट की तरफ जा रहे कांवड़ियों और उनके वाहनों के लिए किया जा रहा है। वहीं, दिल्ली से मुरादाबाद की ओर आने वाली लेन में गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों को आवागमन की सुविधा दी गई है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हाईवे और प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की टीमें लगातार यातायात और कांवड़ियों की आवाजाही पर नजर रख रही हैं।
Zero Traffic: फव्वारा चौराहा से जीरो प्वाइंट तक बाइक पर रोक
कांवड़ यात्रा के दबाव को देखते हुए फव्वारा चौराहा से दिल्ली रोड स्थित जीरो प्वाइंट तक बाइक संचालन पर भी रोक लगाई गई है। यह प्रतिबंध रविवार सुबह 6 बजे से लागू है। दिल्ली रोड पर गागन नदी के दो पुलों में से एक पर निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में फिलहाल एक ही पुल से यातायात संचालित हो रहा है। कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त दबाव से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है।
दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए कई डायवर्जन रूट
शाहजहांपुर, बरेली और रामपुर की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को दिल्ली-लखनऊ हाईवे से सीधे जाने की अनुमति नहीं होगी। भारी और हल्के वाहनों को बदायूं, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर के रास्ते दिल्ली भेजा जा रहा है। वहीं, मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए गागन तिराहा, मैनाठेर, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ का मार्ग निर्धारित किया गया है। गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए भी आगे जाने का विकल्प दिया गया है।
Zero Traffic: दिल्ली-गाजियाबाद से आने वालों के लिए भी डायवर्जन
दिल्ली और गाजियाबाद से रामपुर, बरेली और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है। इन वाहनों के लिए हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं का रूट निर्धारित किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से दिल्ली-लखनऊ हाईवे की ओर न जाएं और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सावन के अंतिम सोमवार पर कांवड़ियों की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए रखना है।
ये भी पढ़ें…नितिन नवीन ने की 3 घंटे की बैठक, संगठन मजबूत करने पर मंथन








