Rahul Gandhi Vote Chori: दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की महारैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को वोट चोरी वाला चुनाव करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लंबे समय से वोट चोरी हो रही है और चुनाव में ईवीएम के साथ-साथ वोटर लिस्ट से नाम हटाकर भी गड़बड़ी की गई।
Rahul Gandhi Vote Chori: राहुल गांधी-2024 के चुनाव में हुई वोट चोरी
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों में वोट चोरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी ईवीएम और वोटर लिस्ट के जरिए वोट चोरी की गई।
राहुल गांधी ने कहा, “2024 के चुनाव के बाद 13.5 करोड़ वोटर लिस्ट से हटाए गए। 2024 के चुनाव के बाद 15 फीसदी वोटरों को निकाला गया। 2024 में हमारे और एनडीए के बीच 3 पर्सेंट का ही अंतर था और उसके बाद 15 पर्सेंट को हटा दिया गया। इसका मतलब है कि 2024 का चुनाव वोट चोरी का था।”
Rahul Gandhi Vote Chori: ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की बात कही
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जेल जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि नागरिकों की आजादी और अभिव्यक्ति की चोरी है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बनते। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आरएसएस ने देश की सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से लेकर जांच एजेंसियों तक संस्थाओं को अपने नियंत्रण में लिया जा रहा है।
मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार को लेकर क्या बोले राहुल?
रैली में राहुल गांधी ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वोट चोरी हुई थी, इसलिए इन लोगों को नींद नहीं आ रही है। राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह कहते हैं कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे। मोदी कहीं नहीं जा सकते और अगर वह जाना भी चाहें तो उन्हें जाने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि ज्ञानेश कुमार के बाद मोदी और अमित शाह पर कानूनी कार्रवाई होगी।
रामलीला मैदान की रैली को बताया शिव की बारात
राहुल गांधी ने विपक्ष की महारैली को शिव की बारात बताते हुए कहा कि शिव की बारात में कोई भी शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि उस तांडव में हर जानवर नाच सकता है और किसी पर कोई रोक नहीं लगाई जाती। उन्होंने कहा कि देश में भी ऐसा ही माहौल होना चाहिए, जहां हर किसी को अपनी बात रखने और आगे बढ़ने की आजादी मिले।
संविधान बचाने का दिया संदेश
राहुल गांधी ने अपने भाषण में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि हम लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे और संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा, “आपके पास जितना भी पैसा हो, आप संविधान से बड़े नहीं हैं। संविधान आपसे बड़ा है।” राहुल गांधी ने यह भी कहा कि मोदी, शाह और आरएसएस उनके दुश्मन नहीं हैं। वे उनसे नफरत नहीं करेंगे और न ही उन्हें मारेंगे-काटेंगे, लेकिन संविधान की रक्षा जरूर करेंगे।
यह भी पढ़े- ‘चलो दिल्ली मार्च’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली से आम जनता परेशान, वहीं कारोबारियों का कारोबार ठप








