BJP Akali Dal Alliance: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, गठबंधन को लेकर बीजेपी के भीतर ही एकराय नहीं बन पा रही है। पार्टी के पुराने नेता अकाली दल के साथ चुनावी समझौते के पक्ष में नहीं हैं। वहीं, दूसरे दलों से बीजेपी में आए नेता गठबंधन का समर्थन कर रहे हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है। उन्होंने साफ कहा कि बीजेपी के पुराने नेता अकाली दल के साथ गठबंधन नहीं चाहते, जबकि दूसरे दलों से आए नेता इसके पक्ष में हैं। ग्रेवाल के मुताबिक, गठबंधन पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को ही लेना है।
BJP Akali Dal Alliance: अकाली दल से गठबंधन क्यों नहीं चाहते BJP के पुराने नेता?
हरजीत सिंह ग्रेवाल ने बताया कि बीजेपी से पिछले 40 से 50 वर्षों से जुड़े कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी पंजाब में अपने दम पर मजबूत हो। उनका मानना है कि बीजेपी को चुनावी समझौते पर निर्भर रहने के बजाय अपना राजनीतिक और वैचारिक आधार मजबूत करना चाहिए। ग्रेवाल ने पंजाब में राष्ट्रवाद और आरएसएस-बीजेपी की विचारधारा को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में राष्ट्रवाद महत्वपूर्ण है और यहां आरएसएस तथा बीजेपी की विचारधारा को मजबूत होना चाहिए। सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन संगठन की विचारधारा मजबूत रहनी चाहिए। उन्होंने गुरु नानक देव की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हिंदुस्तान की परिकल्पना की थी और जहां भी गए, इस विचार को अपने साथ लेकर गए। ग्रेवाल ने यह भी दावा किया कि बीजेपी पंजाब में अपने दम पर सरकार बनाने में सक्षम है।
BJP Akali Dal Alliance: प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर-हरसिमरत में क्या अंतर?
हरजीत सिंह ग्रेवाल ने शिरोमणि अकाली दल के मौजूदा नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की राजनीतिक शैली की तुलना सुखबीर सिंह बादल और हरसिमरत कौर बादल से की। ग्रेवाल ने कहा कि प्रकाश सिंह बादल और हरसिमरत कौर बादल के बीच बहुत बड़ा अंतर है। प्रकाश सिंह बादल राजनीति के एक विश्वविद्यालय थे। उनके जैसी राजनीतिक सोच हरसिमरत या सुखबीर में नहीं हो सकती। उन्होंने आगे कहा कि जब अकाली दल ने प्रकाश सिंह बादल की राजनीतिक कार्यशैली का पालन किया, तब पार्टी ने सरकारें बनाईं। लेकिन मौजूदा समय में अकाली दल का प्रभाव केवल चार जिलों तक सिमटकर रह गया है।
पंजाब में BJP-RSS ने तेज की चुनावी तैयारी
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए बीजेपी और आरएसएस ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। 13 नवंबर को चंडीगढ़ में आरएसएस के संयुक्त महासचिव अरुण कुमार ने संघ और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में पार्टी की चुनावी रणनीति और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। आरएसएस ने बीजेपी को करीब 6,000 ऐसे बूथों पर विशेष ध्यान देने को कहा है, जहां पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। इसके अलावा उन 5,900 बूथों पर भी फोकस करने की रणनीति बनाई गई है, जहां बीजेपी 1 से 100 वोटों के अंतर से चुनाव हार गई थी।
117 विधानसभा सीटों पर BJP का सर्वे, गठबंधन में मांगेगी ज्यादा सीटें?
बीजेपी के चुनावी रणनीतिकार सीआर पाटिल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों का जमीनी आकलन कर रहे हैं। इस कवायद का मकसद संभावित उम्मीदवारों और पार्टी की जीत की संभावनाओं वाली सीटों की पहचान करना है। दरअसल, बीजेपी पिछले गठबंधन में अकाली दल के साथ 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी, लेकिन इस बार पार्टी इससे कहीं ज्यादा सीटों की मांग कर रही है। ऐसे में जमीनी स्तर पर हो रहा यह आकलन सीट बंटवारे की बातचीत में बीजेपी के रुख को तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
क्या पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी BJP?
पंजाब में बीजेपी के सामने इस समय दोहरी चुनौती है। एक तरफ उसे अकाली दल के साथ दोबारा गठबंधन और सीट बंटवारे पर बातचीत करनी है, तो दूसरी तरफ पार्टी के पुराने नेताओं का विरोध भी झेलना पड़ रहा है। आरएसएस की संगठनात्मक तैयारियों और बीजेपी के चुनावी सर्वे से साफ है कि पार्टी पंजाब में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है। अब देखना होगा कि बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल के साथ गठबंधन करती है या फिर ‘एकला चलो’ की रणनीति अपनाकर अकेले चुनावी मैदान में उतरती है।
यह भी पढ़े- पंजाब में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों की आमने-सामने टक्कर, चार की मौत; दर्जनों घायल








