Trump Bought Shares: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शेयर निवेश और उनकी नीतियों के समय को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने चीन को चिप निर्यात से जुड़े नियमों में बदलाव की घोषणा से कुछ दिन पहले दिग्गज टेक कंपनी Nvidia के लाखों डॉलर के शेयर खरीदे थे। इस खुलासे के बाद उनके निवेश और नीतिगत फैसलों के बीच संभावित हितों के टकराव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Trump Bought Shares: नियम बदलने से पहले Nvidia में किया बड़ा निवेश
निगरानी संस्था ‘डीक्लेप्टोक्रेसी’ के ताजा विश्लेषण के अनुसार, ट्रंप ने मई 2025 में बाइडेन प्रशासन के दौर के ‘AI प्रसार नियम’ को रद्द करने की घोषणा से कुछ दिन पहले Nvidia के शेयर खरीदे थे। उनके सार्वजनिक वित्तीय खुलासे के मुताबिक, यह निवेश 10 लाख डॉलर से लेकर 50 लाख डॉलर तक के बीच था। बाइडेन प्रशासन ने यह नियम राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वैश्विक प्रतिस्पर्धा में चीन को बढ़त हासिल करने से रोकने के उद्देश्य से बनाया था। इसके तहत Nvidia की चीन को उन्नत AI चिप बेचने की क्षमता सीमित कर दी गई थी। हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने इन प्रतिबंधों को हटाने का ऐलान किया। इसके बाद Nvidia के शेयरों की कीमत में जोरदार उछाल देखने को मिला।
Trump Bought Shares: अन्य बड़ी टेक कंपनियों में भी किया निवेश
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में ट्रंप ने Nvidia के अलावा Apple, Meta और Microsoft जैसी बड़ी टेक कंपनियों में भी निवेश किया था। उन्होंने उस वर्ष AI से जुड़ी 68 कंपनियों में करीब 2,100 ट्रेड किए। इनमें से 53 निवेश केवल Nvidia से संबंधित थे। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अक्टूबर 2025 में चीन पर टैरिफ लगाने की धमकी देने से एक दिन पहले ट्रंप ने 121 ट्रेड के जरिए 15 AI कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेची थी। इसी तरह दिसंबर 2025 में चीन को चिप निर्यात करने की नीति में बदलाव के दौरान भी उन्होंने Nvidia में 50 लाख डॉलर से लेकर 2.5 करोड़ डॉलर तक के बड़े ट्रेड किए थे।
Nvidia के पूर्व CEO से नजदीकी को लेकर भी चर्चा
यह खुलासा ऐसे समय में सामने आया है, जब Nvidia के पूर्व CEO येनसन हुआंग भी कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ अपने संबंधों को लेकर विवादों में बताए जा रहे हैं। येनसन हुआंग को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का करीबी सहयोगी माना जाता है। ऐसे में ट्रंप के Nvidia में निवेश और चीन को चिप निर्यात से जुड़े नीतिगत फैसलों के समय को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
व्हाइट हाउस ने आरोपों को किया खारिज
दूसरी ओर, व्हाइट हाउस ने ट्रंप के निवेश को लेकर उठ रहे सवालों और हितों के टकराव के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ताओं का कहना है कि राष्ट्रपति की संपत्ति और शेयर पोर्टफोलियो स्वतंत्र थर्ड-पार्टी वित्तीय संस्थानों और ‘ब्लाइंड ट्रस्ट’ के माध्यम से मैनेज किए जाते हैं। ये संस्थान प्रमुख मार्केट इंडेक्स का अनुसरण करते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन निवेश सौदों में राष्ट्रपति की कोई सीधी भूमिका नहीं है। इसलिए उनके मुताबिक, इसमें हितों के टकराव का सवाल नहीं उठता।
यह भी पढ़े- पंजाब चुनाव 2027: अकाली दल से गठबंधन पर BJP में मतभेद, पुराने नेता बोले- ‘एकला चलो’








