Britain Gold Treasure: ब्रिटेन में एक खेत के अंदर करीब 3,000 साल पुराना खजाना मिला है। यहां मेटल डिटेक्टर की मदद से खोज कर रहे एक शख्स को जमीन के नीचे सोने के तीन प्राचीन कंगन मिले। ये कंगन कांस्य युग के आखिरी दौर के बताए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इन कंगनों को अब पहली बार आम लोगों के देखने के लिए माल्म्सबरी के एथेलस्टन म्यूजियम में रखा गया है। फरवरी तक लोग इस ऐतिहासिक खजाने को देख सकेंगे।
Britain Gold Treasure: मेटल डिटेक्टर से खोज के दौरान मिला 3,000 साल पुराना खजाना
यह खोज 26 अगस्त 2022 को इंग्लैंड के विल्टशायर इलाके में माल्म्सबरी शहर के पास एक खेत में हुई थी। यहां एक कमर्शियल मेटल डिटेक्टिंग रैली आयोजित की गई थी, जिसमें कई लोग मेटल डिटेक्टर लेकर जमीन में पुरानी धातुओं की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एक शख्स की मशीन में लगातार संकेत मिलने लगे। जब उसने उस जगह खुदाई की तो करीब 18 इंच यानी 45 सेंटीमीटर की गहराई पर सोने के तीन कंगन एक साथ मिले। तीनों कंगन काफी पास-पास रखे हुए थे।
Britain Gold Treasure: दो कंगनों को जानबूझकर किया गया था चपटा
म्यूजियम के मुताबिक, ये तीनों कंगन सोने की चादर को पीटकर बनाए गए थे। इनकी बनावट से पता चलता है कि इन्हें हाथ के अलग-अलग हिस्सों में पहना जा सकता था। हालांकि, इन तीनों में से दो कंगनों को पहले ही मोड़कर चपटा कर दिया गया था, जबकि तीसरा अपनी मूल बनावट में मिला। इन्हें इस तरह क्यों रखा गया था, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। एक संभावना यह जताई गई है कि उस दौर में इन्हें किसी धार्मिक रस्म के तहत देवताओं को चढ़ावे के रूप में रखा गया हो। हालांकि, इस बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
3,000 साल पुराने इतिहास से जुड़े कई राज खोलेंगे कंगन
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, म्यूजियम के ट्रस्टी और स्थानीय इतिहासकार टोनी मैकअलीवी का मानना है कि ये कंगन सिर्फ खूबसूरत आभूषण नहीं हैं, बल्कि करीब 3,000 साल पहले माल्म्सबरी और उसके आसपास रहने वाले लोगों की जिंदगी के बारे में भी जानकारी देते हैं। म्यूजियम के अनुसार, इस खोज से शहर के इतिहास की समय-सीमा लगभग 1150 से 800 ईसा पूर्व तक पहुंचती है। म्यूजियम की ट्रस्टी मारिया मार्श ने भी इस खोज पर खुशी जताई। उन्होंने कंगनों को बनाने वाले कारीगरों के हुनर की तारीफ करते हुए कहा कि इनकी खूबसूरती केवल सोने की चमक तक सीमित नहीं है, बल्कि ये उस दौर की कला और जीवनशैली की कहानी भी बताते हैं।
फरवरी के बाद होगी कंगनों की खास सफाई
फिलहाल इन तीनों प्राचीन सोने के कंगनों को माल्म्सबरी के एथेलस्टन म्यूजियम में फरवरी तक आम लोगों के देखने के लिए रखा जाएगा। इसके बाद इन्हें विशेषज्ञों के पास भेजा जाएगा, जहां इनकी विशेष सफाई और संरक्षण किया जाएगा। मारिया मार्श के मुताबिक, सोना जमीन के अंदर लंबे समय तक रहने के बावजूद ज्यादा खराब नहीं होता, लेकिन इन कंगनों की बारीक डिजाइन में मिट्टी फंस गई है। इसे बिना किसी नुकसान के हटाना जरूरी है। इसलिए विशेषज्ञ बेहद सावधानी से इनकी सफाई करेंगे।
यह भी पढ़े- अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत, जश्न का वीडियो वायरल; पाकिस्तानी खिलाड़ी भी रह गए हैरान








