Aryavir Sehwag: भारत ने अंडर-19 पुरुष एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम की इस शानदार जीत में युवा बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने अहम भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करने वाले आर्यवीर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उनके प्रदर्शन पर पिता और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी खुशी जाहिर की है।
Aryavir Sehwag: पूरे टूर्नामेंट में आर्यवीर ने बनाए 361 रन
आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। आर्यवीर ने कुल 361 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे। यूएई के खिलाफ भी आर्यवीर ने अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाते हुए 160 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उन्होंने 61 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 58 रन बनाए।
Aryavir Sehwag: भारत की जीत पर वीरेंद्र सहवाग ने क्या कहा?
बेटे आर्यवीर के शानदार प्रदर्शन और भारतीय टीम की खिताबी जीत पर वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें इन युवा चैंपियंस पर गर्व है। वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, “क्या मैच था! क्या शानदार अंत हुआ! अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में 338 रन का पीछा करते हुए पाकिस्तान को हराने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए।”
आर्यवीर के साथ इन खिलाड़ियों की भी की तारीफ
वीरेंद्र सहवाग ने आगे आर्यवीर सहवाग के 58 रनों की पारी के साथ अन्य खिलाड़ियों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने लिखा, “लक्ष्य के 80 रन, आर्यवीर के 58 रन और फिर जब हमें चमत्कार की जरूरत थी, तब मनल चौहान और मोहित उल्वा का कमाल। क्या गजब की जीत है! इन युवा चैंपियंस पर गर्व है!”
पिता की पहचान से आगे बढ़ रहे हैं आर्यवीर
आर्यवीर सहवाग के लिए वीरेंद्र सहवाग का बेटा होना उनकी शुरुआती पहचान जरूर रही है, लेकिन अब वह अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बना रहे हैं। अंडर-19 एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतना उनके क्रिकेट करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
यह भी पढ़े- ट्रंप ने खरीदे Nvidia के लाखों डॉलर के शेयर, फिर बदले चीन को चिप निर्यात के नियम; खड़ा हुआ विवाद








