India U-19 Asia Cup Win: अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने 338 रनों के विशाल लक्ष्य को हासिल किया। मोहित उल्वा और मनाल चौहान भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो बने। वहीं, आखिरी गेंद पर चौका लगते ही भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया। जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों के जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
India U-19 Asia Cup Win: आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत ने जीता खिताब
ओमान के अल अमेरात में शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए थे। भारत को चैंपियन बनने के लिए 338 रनों का लक्ष्य मिला था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से मुकाबला पाकिस्तान की तरफ झुकता दिखाई दिया। आखिरी ओवरों में भारत को जीत के लिए 10 रन प्रति ओवर से ज्यादा की जरूरत थी। ऐसे में मुकाबला लगभग पाकिस्तान की पकड़ में नजर आ रहा था।
India U-19 Asia Cup Win: जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मनाया जोरदार जश्न
&
INDIA 🇮🇳 win 🏆🏆🏆🏆
#INDVSPAK #U19AsiaCup https://t.co/yCGfEkSPyW
— Bura_Mat_Maan (@asb171819) November 14, 2026
nbsp;
जब आखिरी गेंद पर मोहित उल्वा ने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई तो भारतीय डगआउट में खुशी की लहर दौड़ गई। खिलाड़ी मैदान की तरफ दौड़ पड़े और जीत के नायकों को घेर लिया। इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों का जोश देखने लायक था। पाकिस्तान को फाइनल में हराने के बाद टीम इंडिया के जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में खिलाड़ी जीत की खुशी मनाते और विपक्षी टीम को मैदान पर विदाई देते दिखाई दे रहे हैं।
मोहित उल्वा और मनाल चौहान ने पलटा मैच
एक समय भारतीय टीम की हार लगभग तय दिखाई दे रही थी, लेकिन मोहित उल्वा और मनाल चौहान ने नौवें विकेट के लिए शानदार साझेदारी की। दोनों ने महज 35 गेंदों में 57 रन जोड़कर मुकाबले का रुख बदल दिया। मनाल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रनों की अहम पारी खेली। वहीं, मोहित उल्वा ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे। भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। मोहित ने चौका लगाकर टीम इंडिया को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।
पाकिस्तान ने बनाया था 337 रनों का विशाल स्कोर
इससे पहले पाकिस्तान ने बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों के सामने 338 रनों का लक्ष्य रखा था। पाकिस्तान की तरफ से उस्मान खान ने 111 गेंदों में 107 रनों की शतकीय पारी खेली। अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों में 80 रन बनाए, जबकि कप्तान फरहान यूसुफ ने 60 गेंदों में 63 रनों का योगदान दिया। एक समय पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 299 रन था और टीम 350 से ज्यादा रन बनाती दिखाई दे रही थी। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी छह ओवरों में शानदार वापसी की। पाकिस्तान ने इस दौरान पांच विकेट गंवाए और केवल 37 रन जोड़ सका। काव्या पटेल ने चार विकेट हासिल किए, जबकि चिगुरुपति वेंकट को तीन सफलताएं मिलीं।
आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य ने रखी जीत की नींव
338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़े। आर्यवीर सहवाग ने 61 गेंदों में 58 रन बनाए, जबकि कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 101 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि, इसके बाद भारतीय टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। वीके विनीत ने 24 रन बनाए, जबकि अर्जुन राजपूत, यशवर्धन चौहान और अन्वय द्रविड़ बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। लेकिन मोहित उल्वा और मनाल चौहान की शानदार बल्लेबाजी ने भारत को मुश्किल से निकालकर एशिया कप का चैंपियन बना दिया। आखिरी गेंद पर मिली इस जीत ने फाइनल को भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यादगार बना दिया।
यह भी पढ़े- भारत आ रहे पाकिस्तान के मंत्री, SCO के ‘सिविलाइजेशनल डायलॉग’ में लेंगे हिस्सा








