Dhirendra Shastri: उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित राजन महाराज की कथा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहुंचे। यहां उन्होंने धार्मिक आयोजनों के विरोध को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए निशाना साधा। धीरेंद्र शास्त्री ने यज्ञ में बाधा डालने वाले राक्षसों और वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों के बीच तुलना करते हुए टिप्पणी की। उनके इस बयान को अखिलेश यादव के विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।
गोंडा में राजन महाराज की कथा में पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री
गोंडा में आलोक दास जी महाराज की ओर से राजन महाराज की कथा का आयोजन कराया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए। उनके पहुंचने पर संतों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। आयोजन में योग गुरु बाबा रामदेव की भी मुख्य भूमिका बताई गई है। इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने गोंडा की धरती को राम और कृष्ण की भूमि बताते हुए संतों के विचार सुनने का अवसर मिलने की बात कही।
Dhirendra Shastri: अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए साधा निशाना
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सनातन धर्म और धार्मिक कथाओं का विरोध कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, “पहले जब यज्ञ हुआ करते थे तो राक्षस और दैत्य यज्ञ में हड्डियां डाल देते थे, वर्तमान में लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते हैं। बस इतना ही अंतर है।” हालांकि, उन्होंने अपने बयान में किसी राजनीतिक नेता का नाम नहीं लिया।
बोले- हम राजनेताओं पर टिप्पणी नहीं करते
जब धीरेंद्र शास्त्री से उनके बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह किसी राजनेता पर टिप्पणी नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति से उनका कोई मतलब नहीं है। उनके मुताबिक, विरोध होना स्वाभाविक है और हर कोई अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा, “वो अपना काम कर रहे हैं और हम अपना काम कर रहे हैं।”
Dhirendra Shastri: अखिलेश यादव क्यों कर रहे हैं विरोध?
दरअसल, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद विवाद शुरू हुआ था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके बयानों पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए धीरेंद्र शास्त्री की प्रस्तावित कथाओं का विरोध किया और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में होने वाले आयोजनों को अनुमति नहीं देने की मांग की थी।
धार्मिक आयोजनों को लेकर जारी है बयानबाजी
अखिलेश यादव के विरोध और धीरेंद्र शास्त्री की प्रतिक्रियाओं के बीच उत्तर प्रदेश में धार्मिक आयोजनों को लेकर बयानबाजी जारी है। गोंडा में राजन महाराज की कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन धर्म, संतों और धार्मिक आयोजनों का जिक्र किया। उन्होंने 4, 5 और 6 दिसंबर को संतों के महाकुंभ के आयोजन का भी उल्लेख करते हुए फिर से शंखनाद होने की बात कही।








