Home » राजनीति » आजम खान की रिहाई का रास्ता साफ, जेल पहुंचा आदेश; आज शाम तक आ सकते हैं बाहर

आजम खान की रिहाई का रास्ता साफ, जेल पहुंचा आदेश; आज शाम तक आ सकते हैं बाहर

Azam Khan Release:

Azam Khan Release: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। गाजियाबाद CJM कोर्ट में उनकी जमानत की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जमानत के लिए 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये का पर्सनल बॉन्ड भरा गया है। शहनवाज और जुनैद ने जमानत की जिम्मेदारी ली है। दोनों की ओर से 50-50 हजार रुपये की दो एफडी भी जमा कराई गई हैं। आजम खान की रिहाई का आदेश डासना जेल पहुंच गया है। ऐसे में उम्मीद है कि वह आज शाम तक जेल से बाहर आ सकते हैं।

Azam Khan Release: गाजियाबाद CJM कोर्ट में पूरी हुई जमानत की प्रक्रिया

आजम खान के वकीलों की ओर से जमानत से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। गाजियाबाद CJM कोर्ट से रिहाई का परवाना डासना जेल भेजा गया है। रिहाई का आदेश जेल पहुंचने के बाद अब उनकी रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बताया जा रहा है कि आजम खान आज शाम तक जेल से बाहर आ सकते हैं।

Azam Khan Release: ED की गिरफ्तारी को आजम खान ने दी थी चुनौती

दरअसल, ईडी ने 31 अक्टूबर को आजम खान को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह दो पैन कार्ड के मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ रहे थे। यह गिरफ्तारी मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनका कहना था कि गिरफ्तारी के दौरान अनिवार्य कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा था, ‘आसमान नहीं टूट पड़ेगा, उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दें।’

ED ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की चुनौती

ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट की ओर से मंगलवार को आजम खान को दी गई अंतरिम जमानत को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) एस.वी. राजू ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के सामने मौखिक रूप से मामले का जिक्र किया और तत्काल सुनवाई की मांग की।

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी मिली थी राहत

इससे पहले आजम खान को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी। शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी थी। इसके साथ ही उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान की सजा पर भी रोक लगा दी थी।

क्या था फर्जी जन्म प्रमाणपत्र का मामला?

18 अक्टूबर 2023 को रामपुर की MP-MLA अदालत ने आजम खान, उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के मामले में दोषी ठहराया था। अदालत ने तीनों को सात-सात साल की जेल की सजा सुनाई थी।

यह भी पढ़े- चंबल की आरती से पंप्ड हाइड्रो तक, गांधीसागर में मोहन सरकार ने रचा विकास का नया अध्याय