Breaking News
Home » एक्सप्लनेर » गोरा करने वाली क्रीम किडनी-दिमाग को कैसे पहुंचाती है नुकसान? पैकेट पर क्या देखें, समझिए

गोरा करने वाली क्रीम किडनी-दिमाग को कैसे पहुंचाती है नुकसान? पैकेट पर क्या देखें, समझिए

Fairness cream: चेहरे पर निखार लाने और त्वचा का रंग हल्का करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली कुछ क्रीम सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। ऐसी क्रीमों में पारा (मर्करी) मिलाया जाता है, जो त्वचा के रास्ते शरीर में पहुंचकर किडनी, लिवर और दिमाग को नुकसान पहुंचा सकता है। नागपुर में करीब 18 महिलाओं की किडनी बीमारी के पीछे पाकिस्तान में बनी ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ के इस्तेमाल की आशंका सामने आई है। इसके बाद केंद्रीय औषधि नियामक CDSCO ने गोरी और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम को लेकर अलर्ट जारी किया।

भोपाल में भी इन क्रीमों की बिक्री सामने आई है। इंदौर के रानीपुरा और छावनी इलाके में कार्रवाई के दौरान 300 से ज्यादा पैकेट जब्त किए गए। ऐसे में सवाल है कि क्या त्वचा पर लगाने वाली क्रीम किडनी तक को खराब कर सकती है? पारा शरीर में कैसे पहुंचता है और क्रीम खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? समझिए आज के मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर में…

सवाल 1: क्या गोरा करने वाली क्रीम से किडनी खराब हो सकती है?

जवाब: हां, अगर क्रीम में पारा (मर्करी) मिला हो तो इसके इस्तेमाल से किडनी को नुकसान पहुंच सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक त्वचा को गोरा करने वाले उत्पादों में मौजूद पारा शरीर के लिए जहरीला हो सकता है। इसका असर खास तौर पर किडनी पर पड़ता है।

नागपुर में क्या सामने आया? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नागपुर में पिछले करीब दो साल में लगभग 18 महिलाएं किडनी संबंधी बीमारी के लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंचीं। इनमें चेहरे, शरीर और पैरों में सूजन, पेशाब में झाग जैसी समस्याएं थीं। कई महिलाओं में मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नाम की बीमारी सामने आई।डॉक्टरों ने मरीजों की इस्तेमाल की गई क्रीम के नमूने जांच के लिए भेजे। रिपोर्ट में एक क्रीम में 5,700 PPM तक पारा मिलने की बात सामने आई।

मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी क्या है? किडनी में मौजूद बेहद बारीक फिल्टर खून से अपशिष्ट पदार्थों को अलग करते हैं। इस बीमारी में इन फिल्टरों की संरचना प्रभावित होती है, जिससे पेशाब के जरिए प्रोटीन बाहर निकलने लगता है। शरीर में प्रोटीन की कमी और पानी जमा होने के कारण चेहरे, पैरों और शरीर में सूजन आ सकती है। पेशाब में झाग भी दिखाई दे सकता है।

केरल में भी इस तरह के मामले सामने आए। 2024 में ‘किडनी इंटरनेशनल’ पत्रिका में प्रकाशित एक अध्ययन में 22 मरीजों का विश्लेषण किया गया। इनमें 15 मरीजों में मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी मिली और उनमें से 13 ने बीमारी के लक्षण शुरू होने से पहले फेयरनेस क्रीम इस्तेमाल की थी। शोधकर्ताओं ने पाया कि कई मरीजों की हालत क्रीम बंद करने के बाद सुधरी।

Fairness cream: सवाल 2: क्रीम में पारा क्यों मिलाया जाता है?

जवाब: त्वचा का रंग मेलेनिन नाम के पिगमेंट से तय होता है। मेलेनिन त्वचा को रंग देने के साथ सूरज की अल्ट्रावायलेट (UV) किरणों से बचाने में भी मदद करता है। पारा मेलेनिन बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है। इससे त्वचा का रंग हल्का दिखाई देने लगता है और कुछ दाग-धब्बे कम नजर आ सकते हैं। यही वजह है कि कुछ कंपनियां त्वचा को गोरा करने वाले उत्पादों में पारा मिलाती हैं। हालांकि यह तरीका सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। पारा त्वचा के रास्ते शरीर में अवशोषित होकर खून में पहुंच सकता है। लगातार इस्तेमाल करने पर शरीर में इसकी मात्रा बढ़ सकती है और किडनी जैसे अंग प्रभावित हो सकते हैं।

पीपुल्स मेडिकल कॉलेज भोपाल के प्रोफेसर डॉ. अनिमेश सक्सेना के मुताबिक पारे वाली क्रीम किडनी और लिवर जैसे अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुंचा सकती है। लगातार इस्तेमाल से त्वचा पर भी दुष्प्रभाव दिखाई दे सकते हैं। WHO के मुताबिक ऐसी क्रीम से त्वचा पर चकत्ते, दाग, संक्रमण और त्वचा के रंग में असामान्य बदलाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

Fairness cream
                                                                     Fairness cream
सवाल 3: पारा दिमाग और नसों को कैसे नुकसान पहुंचाता है?

जवाब: पारा केवल किडनी तक सीमित नुकसान नहीं पहुंचाता। इसके कुछ रूप तंत्रिका तंत्र और दिमाग को भी प्रभावित कर सकते हैं। शरीर में पारे की अधिक मात्रा पहुंचने पर हाथ-पैरों में कमजोरी, देखने में परेशानी, बोलने और चलने में दिक्कत जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं।

अमेरिका की स्वास्थ्य एजेंसी CDC ने 2019 में कैलिफोर्निया की एक महिला का मामला दर्ज किया था। महिला मेक्सिको से लाई गई पारा युक्त क्रीम का इस्तेमाल करती थीं। उन्हें हाथों में कमजोरी, धुंधला दिखना और बोलने-चलने में परेशानी हुई। क्रीम छोड़ने के बाद भी लंबे समय तक उनकी हालत गंभीर बनी रही और वह अपनी देखभाल खुद नहीं कर पा रही थीं। यह मामला बताता है कि पारा युक्त क्रीम का इस्तेमाल लंबे समय तक करने पर शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है।

क्रीम में पारे की कितनी मात्रा खतरनाक है? कॉस्मेटिक उत्पादों में पारे की अधिकतम स्वीकार्य सीमा 1 PPM बताई गई है। नागपुर में जांच के दौरान एक क्रीम में 5,700 PPM पारा मिलने का दावा सामने आया। यह निर्धारित सीमा से 5,700 गुना अधिक है।

Fairness cream: सवाल 4: लंबे समय से क्रीम लगा रहे हैं, तो नुकसान के संकेत क्या हैं?

जवाब: पारा युक्त क्रीम इस्तेमाल करने वालों में कुछ लक्षण दिखाई दे सकते हैं। हालांकि किडनी की बीमारी शुरुआती चरण में कई बार बिना स्पष्ट लक्षणों के भी रहती है। इन संकेतों को नजरअंदाज न करें: सुबह उठने पर चेहरे या आंखों के आसपास सूजन, पैरों और टखनों में सूजन, पेशाब में लगातार झाग, बिना वजह थकान या कमजोरी और क्रीम लगाने वाली जगह पर चकत्ते या त्वचा के रंग में असामान्य बदलाव है। अगर ऐसी समस्याएं दिखाई दे रही हैं और आप लंबे समय से किसी संदिग्ध क्रीम का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर जरूरत के मुताबिक यूरिन टेस्ट और किडनी फंक्शन टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं।

क्या क्रीम बंद करने से बीमारी ठीक हो सकती है? कुछ मामलों में समय पर क्रीम बंद करने से सुधार देखा गया है। 2022 में ‘इंडियन जर्नल ऑफ डर्मेटोलॉजी’ में प्रकाशित एक मामले में 47 वर्षीय महिला दो साल से पारा युक्त क्रीम इस्तेमाल कर रही थीं। क्रीम में 7,590 PPM पारा मिला था। इस्तेमाल बंद करने के करीब 9 महीने बाद उनकी पेशाब में प्रोटीन आना बंद हो गया। हालांकि हर मरीज की स्थिति अलग होती है। क्रीम बंद करना जरूरी कदम है, लेकिन बीमारी होने पर डॉक्टर की निगरानी और इलाज भी जरूरी है।

सवाल 5: क्या हर फेयरनेस क्रीम खतरनाक होती है?

जवाब: नहीं, हर फेयरनेस क्रीम में पारा नहीं होता। खतरा खास तौर पर ऐसी क्रीमों से है जिनकी गुणवत्ता, सामग्री और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी स्पष्ट नहीं होती या जो बिना जरूरी नियामकीय मंजूरी के बेची जा रही हैं। IIT हैदराबाद के शोधकर्ताओं ने 2021 में बाजार में उपलब्ध क्रीमों की जांच की थी। अध्ययन में भारत में बनी 34 क्रीमों में पारा लगभग न के बराबर मिला, जबकि जांच की गई 14 आयातित क्रीमों में पारे की मात्रा करीब 2,900 से 31,700 PPM तक पाई गई। इससे पता चलता है कि बिना प्रमाणित स्रोत से खरीदे गए और नियमों का पालन न करने वाले उत्पादों में खतरा ज्यादा हो सकता है।

‘हर्बल’ या ‘नेचुरल’ लिखे होने से क्रीम सुरक्षित हो जाती है? जरूरी नहीं। पैकेट पर हर्बल, नेचुरल या आयुर्वेदिक लिखा होना उसकी सुरक्षा की गारंटी नहीं है। उत्पाद की वास्तविक सामग्री, गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया महत्वपूर्ण होती है। पारा ही एकमात्र खतरा नहीं है। एम्स भोपाल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष खंडारे के मुताबिक बिना डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल की जाने वाली कुछ क्रीमों में स्टेरॉइड, एंटीफंगल और एंटीबायोटिक जैसी दवाएं भी मिली होती हैं। इनके गलत इस्तेमाल से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है और बीमारी दबने के बजाय बढ़ सकती है।

Fairness cream: सवाल 6: क्रीम खरीदते समय पैकेट पर क्या देखें?

जवाब: बाजार में मिलती-जुलती पैकिंग और नाम वाली क्रीमों के कारण असली उत्पाद की पहचान करना मुश्किल हो सकता है। भोपाल में पड़ताल के दौरान कुछ दुकानों पर ऐसी क्रीम मिलीं जिनकी पैकिंग पर जरूरी जानकारी अधूरी थी। कहीं निर्माण की तारीख नहीं थी, तो कहीं विदेशी पैकेट हटाकर केवल क्रीम दिखाई गई। इंदौर के रानीपुरा और छावनी इलाके में कार्रवाई के दौरान 300 से ज्यादा पैकेट जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपए बताई गई।

क्रीम खरीदते समय पैकेट पर ये 5 चीजें जरूर देखें:

1. कंपनी का नाम और पूरा पता: उत्पाद किस कंपनी ने बनाया है, इसकी स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। 2. मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नंबर: भारत में बने उत्पाद पर संबंधित निर्माण लाइसेंस की जानकारी देखें। 3. आयात की जानकारी: विदेशी क्रीम पर भारत में आयातक कंपनी का नाम और जरूरी रजिस्ट्रेशन विवरण होना चाहिए। 4. बैच नंबर और तारीखें: बैच नंबर, निर्माण की तारीख और एक्सपायरी डेट स्पष्ट रूप से लिखी हो। 5. इंग्रीडिएंट्स की सूची: क्रीम में इस्तेमाल सामग्री की जानकारी पैकेट पर दी गई हो।

ध्यान रखें कि पारा सामग्री की सूची में दर्ज न भी हो सकता है। इसलिए सिर्फ इंग्रीडिएंट्स देखकर सुरक्षा की गारंटी नहीं मानी जा सकती। पैकिंग बदली हुई हो, जानकारी अधूरी हो या उत्पाद संदिग्ध लगे, तो उसे न खरीदें।

सवाल 7: संदिग्ध क्रीम बिक रही है तो शिकायत कहां करें?

जवाब: अगर बाजार में बिना जरूरी जानकारी वाली या संदिग्ध क्रीम बिक रही है, तो जिले के औषधि निरीक्षक से शिकायत की जा सकती है। मध्य प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन के ईमेल cfdamp@rediffmail.com पर भी जानकारी भेजी जा सकती है। आयातित कॉस्मेटिक उत्पादों से संबंधित शिकायत केंद्रीय औषधि नियामक (CDSCO) के माध्यम से भी की जा सकती है। गोरा होने की चाह में किसी ऐसी क्रीम का इस्तेमाल न करें, जिसकी सामग्री और निर्माण की जानकारी स्पष्ट न हो। त्वचा का रंग बदलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला उत्पाद अगर शरीर में जहरीले पदार्थ पहुंचा रहा है, तो उसका नुकसान चेहरे तक सीमित नहीं रह सकता।

ये भी पढ़े… ईरान के खिलाफ प्रस्ताव पर भारत ने क्यों किया विरोध? अमेरिका से रिश्ते और चाबहार का पूरा गणित समझिए