CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में रोड शो के दौरान JCB से कुचलकर जान गंवाने वाले 14 वर्षीय बच्चे के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ भाजपा सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि हत्या है।
CM Yogi: पीड़ित परिवार से मिले CM योगी, न्याय का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिजनों से मुलाकात के दौरान कहा कि एक मासूम बच्चे की जान गई है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन को मामले में कानून के दायरे में रहकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम योगी ने कहा, “यह हादसा नहीं, हत्या है। बच्चे के ऊपर पहिया चढ़ गया है। आप बिल्कुल चिंता मत करिए।”
CM Yogi: सपा के रोड शो के दौरान हुई थी घटना
मुख्यमंत्री के मुताबिक, बुधवार को समाजवादी पार्टी का रोड शो आयोजित किया गया था। इसी दौरान 14 वर्षीय स्कूली छात्र इसकी चपेट में आ गया। योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि बच्चा स्कूल से घर लौट रहा था, तभी उसे JCB मशीन ने टक्कर मारी और फिर उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी गई। उन्होंने कहा कि मृतक बच्चा चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक स्वतंत्रता सेनानी का वंशज था। मुख्यमंत्री ने इसे बेहद दुखद और अक्षम्य घटना बताया।
गुंडों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा, “गुंडों को ढूंढ निकालो और ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद रख सकें।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की सड़कें आम लोगों के आवागमन के लिए हैं, न कि अराजकता फैलाने के लिए।
सपा पर साधा निशाना
इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का इतिहास गुंडागर्दी, दंगे और अराजकता से जुड़ा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में माफियागिरी और गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है। अगर किसी ने दोबारा ऐसी हरकत करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े- मुरैना में महाकाल लोक की तर्ज पर बनेगा शनिलोक, 35 करोड़ से बदलेगी शनिचरा मंदिर की सूरत








