Home » राष्ट्रीय » मुरैना में महाकाल लोक की तर्ज पर बनेगा शनिलोक, 35 करोड़ से बदलेगी शनिचरा मंदिर की सूरत

मुरैना में महाकाल लोक की तर्ज पर बनेगा शनिलोक, 35 करोड़ से बदलेगी शनिचरा मंदिर की सूरत

Morena Shani Lok

Morena Shani Lok: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में स्थित प्रसिद्ध शनिचरा मंदिर को भव्य धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है। मंदिर परिसर को महाकाल लोक की तर्ज पर ‘शनिलोक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 34 करोड़ 97 लाख 49 हजार रुपये खर्च होने का प्रस्ताव है। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। परियोजना को भारत सरकार की प्रसाद योजना के तहत मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के माध्यम से प्रस्तावित किया गया है। इसके निर्माण की समय-सीमा 24 महीने रखी गई है।

14.61 हेक्टेयर में होगा शनिलोक का विकास

शनिचरा मंदिर की कुल 14.61 हेक्टेयर भूमि पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इसमें 3.89 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जबकि 10.72 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में रखा जाएगा। मंदिर परिसर को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए पार्किंग, श्रद्धालुओं के विश्राम स्थल और पैदल आवागमन के लिए रास्ते तैयार किए जाएंगे।

Morena Shani Lok: 300 वाहनों की पार्किंग और 500 लोगों के लिए भोजनशाला

परियोजना में करीब 300 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 500 श्रद्धालुओं के बैठकर भोजन करने के लिए भोजनशाला विकसित की जाएगी। परिसर में प्रसाद के लिए 20 काउंटर और दुकानें बनाई जाएंगी। पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, विश्राम स्थल और दिन के समय ठहरने के लिए शेड भी तैयार किए जाएंगे।

Morena Shani Lok

कुंड, कथा स्थल और धार्मिक संरचनाओं का होगा निर्माण

मंदिर परिसर में धार्मिक परंपराओं के अनुरूप स्नान कुंड विकसित किया जाएगा। इसके साथ कथा स्थल, श्रीराम स्थल और सप्तऋषि मंडल के लिए मंच बनाने की योजना है। लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा के पास श्रीराम की प्रतिमा स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। परिसर में शनि यंत्र की प्रतिकृति तैयार की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जूते, कपड़े और अन्य सामान रखने की व्यवस्था भी होगी।

Morena Shani Lok: ग्वालियर किले और चौसठ योगिनी मंदिर से मिलेगी स्थापत्य प्रेरणा

शनिलोक की वास्तुकला में ग्वालियर किले और मितावली स्थित चौसठ योगिनी मंदिर की स्थापत्य शैली से प्रेरणा लेने की योजना है। मंदिर परिसर में बाहरी प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे। जलभराव की समस्या दूर करने के लिए बड़ी पाइपलाइन बिछाने के साथ जल निकासी, रैंप, शेड और रिटेनिंग वॉल जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं।

हर साल 15 से 20 लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं

शनिचरा मंदिर में वर्तमान में हर साल लगभग 15 से 20 लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। अनुमान है कि अगले 10 वर्षों में यह संख्या बढ़कर 30 लाख तक हो सकती है। निर्माण कार्य के दौरान औसतन 140 लोगों को प्रतिदिन प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं मंदिर परिसर के संचालन के लिए सुरक्षा, पार्किंग, दुकान, सफाई, बागवानी और प्रशासनिक कार्यों में करीब 120 लोगों को रोजगार मिल सकता है। मंदिर के आसपास बटेश्वर मंदिर समूह, पदावली, मितावली का चौसठ योगिनी मंदिर, ककनमठ और राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य जैसे पर्यटन स्थल भी मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें…EPFO Meeting Decisions: रिटायरमेंट के बाद हर महीने मिलेगा PF का पैसा, SWP योजना को मंजूरी