Ayodhya Janakpur Train: भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से माता सीता की नगरी जनकपुर (नेपाल) तक जल्द ही सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इस नई ट्रेन के संचालन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत से नेपाल के बीच यह ट्रेन सेवा प्रस्तावित है। इस पहल को दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रेल संपर्क के रूप में देखा जा रहा है।
Ayodhya Janakpur Train: दिल्ली से भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार, इस ट्रेन का शुभारंभ समारोह खास होने वाला है। नई दिल्ली से भारत के प्रधानमंत्री और नेपाल के प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, अयोध्या में आयोजित होने वाले स्थानीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। इसके अलावा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। डीएम ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
Ayodhya Janakpur Train: अयोध्या से जनकपुर तक ये होंगे प्रमुख स्टॉपेज
रेल मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन (15595/15596) संचालित करने का प्रस्ताव है। इस ट्रेन के रूट में उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख स्टेशन शामिल किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्टेशन:
– अयोध्या कैंट
– अयोध्या धाम जंक्शन
– मनकापुर
– बस्ती
– गोरखपुर
बिहार के प्रमुख स्टेशन:
– नरकटियागंज
– रक्सौल
– सीतामढ़ी
– शीशो (दरभंगा)
– मधुबनी
– जयनगर
नेपाल का स्टेशन:
– जनकपुर धाम
604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में होगी पूरी
अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच प्रस्तावित यह ट्रेन लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस सफर में करीब 19 घंटे का समय लगने का अनुमान है। ट्रेन के रूट में जयनगर स्टेशन महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि यह भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है।
जयनगर स्टेशन पर होगी यात्रियों के दस्तावेजों की जांच
भारत और नेपाल की सीमा पर स्थित जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया के कारण जनकपुर जाते समय ट्रेन यहां करीब 2 घंटे और अयोध्या लौटते समय 1 घंटे रुकेगी। रेल मंत्रालय के बयान के मुताबिक, नेपाल की सीमा में जनकपुर धाम के अलावा किसी अन्य व्यावसायिक स्टॉपेज का उल्लेख नहीं किया गया है। इस रेल सेवा से अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े- RDX से लेकर रॉकेट लॉन्चर तक का हमला झेलने में सक्षम CRPF-BSF का नया ATT, अपने आप में है पूरा कमांड सेंटर








