Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले मुंगेर सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है। यहां प्रशांत किशोर के ‘जन सुराज’ अभियान से जुड़े उम्मीदवार संजय सिंह ने अचानक भाजपा (एनडीए) का दामन थाम चुनावी माहौल को गर्म कर दिया है। मतदान से एक दिन पहले हुए इस घटनाक्रम को भाजपा के लिए बड़ा फायदा माना जा रहा है, जबकि जन सुराज कैंप में इस फैसले से खलबली मची हुई है।
भाजपा उम्मीदवार के लिए जीत का रास्ता?
Bihar Election 2025: मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जन सुराज के उम्मीदवार संजय सिंह ने भाजपा उम्मीदवार कुमार प्रणय की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इसके साथ ही उन्होंने खुले मंच से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में आने की घोषणा कर दी। वहीं दूसरी तरफ अब मुंगेर विधानसभा में हुए इस उलटफेर से राजनीतिक माहौल पूरी तरह से गरमाया हुआ है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ‘जन सुराज’ के लिए एक झटका साबित हो सकता है जबकि भाजपा उम्मीदवार के लिए एक बड़ी जीत। भाजपा का दामन थामने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए संजय कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने यह फैसला विकास और स्थिर सरकार के हित में लिया है। भाजपा की नीतियों से वे प्रभावित हैं और क्षेत्र के विकास के लिए एनडीए गठबंधन के साथ काम करेंगे।

मुंगेर सीट पर चुनावी समीकरण बदला?
Bihar Election 2025: बिहार की मुंगेर विधानसभा सीट पर मतदान से पहले जन सुराज से अलग होकर संजय सिंह के भाजपा में शामिल होने से चुनावी गणित पूरी तरह बदल सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस कदम से जन सुराज के समर्थक वोट अब भाजपा उम्मीदवार कुमार प्रणय की ओर झुक सकते हैं, जिससे भाजपा को बड़ा फायदा हो सकता है।
किस दल से कितने उम्मीदवार
Bihar Election 2025: आपको बता दें कि पहले चरण में एनडीए की तरफ से जदयू के 57 उम्मीदवार, बीजेपी के 48, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 13 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 2 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जबकि महागठबंधन की ओर से आरजेडी के 71, कांग्रेस के 24 और वाम दलों के 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। यहीं नहीं विकासशील इंसान की पार्टी (वीआईपी) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) छह-छह सीट पर, सीपीएम तीन सीटों पर और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) दो सीटों पर ताल ठोक रही है। बड़ी बात ये है कि पहले चरण में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के 118 उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
ये भी पढ़े… Bihar Election 2025: पहले चरण की 10 वीआईपी सीटों पर सियासी महाभारत, कौन किस सीट पर कितना दमदार?







