Delhi News: दिल्ली सरकार राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक कश्मीरी गेट में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। नगर निगम बोध घाट के पास और श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग-जंक्शन पर स्काईवॉक निर्माण की मंजूरी दे दी गई है। यह परियोजना उन हजारों यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी, जो रोजाना सड़क पार करते हुए जाम की समस्या का सामना करते हैं।
कितने महीने में पूरा होने की है उम्मीद
सार्वजनिक कार्य विभाग (PWD) इस परियोजना पर लगभग 4.31 करोड़ रुपये खर्च करेगा, जिसमें 44.66 लाख रुपये केवल इलेक्ट्रिकल कार्यों पर लगाए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, स्काईवॉक का निर्माण कार्य अगले एक से दो महीने में शुरू किया जा सकता है और इसे पूरा होने में करीब 6 महीने लगेंगे। इसके बाद इन मार्गों पर ट्रैफिक दबाव में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
Delhi News: पैदल लोगों की भीड़ से थी जाम की समस्या
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा किए गए हालिया सर्वे में सामने आया कि निगम बोध घाट के पास स्थित हनुमान मंदिर और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के बीच रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री पैदल सड़क पार करते हैं। इसके अलावा पास में स्थित दूसरा हनुमान मंदिर भी भीड़ बढ़ाने का प्रमुख कारण है। विशेष तौर पर शनिवार और मंगलवार को मंदिरों में भीड़ कई गुना बढ़ जाती है, जिससे श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग और रिंग रोड बाईपास पर सुबह से शाम तक जाम लगा रहता है। इसी अनियमित पैदल आवाजाही ने यहां स्काईवॉक निर्माण को अनिवार्य बना दिया है।
कौन सी बेहतर सुविधा वाला होगा स्काईवॉक
नए स्काईवॉक का निर्माण रिंग रोड, रिंग रोड बाईपास और श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग के जंक्शन पर किया जाएगा। इसमें तीन विंग होंगे- निगम बोध घाट, रिंग रोड बाईपास और श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग की ओर। पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए स्काईवॉक में दो लिफ्टें लगाई जाएंगी, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 20 यात्रियों की होगी।







