Meerut News: मेरठ की कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच प्रशासन ने जरूरतमंदों की मदद के लिए विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार देर रात जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा खुद सड़कों पर उतरे और शहर के विभिन्न रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अफसरों ने फुटपाथों और सड़कों पर ठिठुरते लोगों को कंबल भी वितरित किए।
वसूली करने पर प्रशासन को सूचना दे
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रमुख निर्देश दिए कि किसी भी रैन बसेरे में कोई भी केयरटेकर जरूरतमंदों से पैसा न मांगे। उन्होंने वहां ठहरने वाले लोगों से सीधे पूछा केयरटेकर पैसे तो नहीं मांग रहा साथ ही चेतावनी दी कि अगर कोई वसूली करे तो प्रशासन को तुरंत सूचित करें। अधिकारियों की टीम ने तिरंगा गेट बच्चा पार्क, भैंसाली बस अड्डा और सोहराब गेट स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई, कंबलों की उपलब्धता और बिजली-पानी जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गरीब और बेघर लोगों को पूरी इज्जत और सुरक्षा के साथ सुविधा दी जाए।
Meerut News: ठंड का असर दिखना शुरू
वहीं सुरक्षा के मोर्चे पर एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने भी सख्ती दिखाई। उन्होंने रैन बसेरों में दर्ज रजिस्टर की जांच की और निर्देश दिए कि हर आने-जाने वाले व्यक्ति का पूरा नाम, पता और पहचान पत्र दर्ज किया जाए। किसी संदिग्ध व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दी जाए। निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति बिना पहचान पत्र के मिला जिसका सत्यापन मौके पर ही कराया गया।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते अब मेरठ सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। ऐसे में प्रशासन का यह कदम राहत की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है। हालांकि पूर्व में कई बार निरीक्षणों के बाद भी व्यवस्थाओं के ढीले पड़ जाने की शिकायतें उठती रही हैं। प्रशासन इस बार यह सुनिश्चित करने के प्रयास में है कि रैन बसेरों की व्यवस्थाएं स्थायी रूप से बेहतर बनी रहें।
Report By: यश मित्तल
ये भी पढ़े… ‘न कोई डिग्री न कोई पढ़ाई’ Yogi राज में सहारनपुर में हकीमों का बढ़ता जाल, लोगों की जान के साथ खिलवाड़







