Meerut News: देश जब गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा था तब मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी की अस्मत और गरिमा को तार-तार किया जा रहा था। गांव के ही एक युवक की दरिंदगी और उसके बाद परिवार की ओर से मिली जान से मारने की धमकी’ ने एक मासूम को इस कदर तोड़ दिया कि उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने के लिए जहरीला पदार्थ गटक लिया। फिलहाल, पीड़िता मेरठ मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
वारदात बहला-फुसलाकर ले गया घेर में
पुलिस और प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 26 जनवरी की रात की है। आरोपी अनुज सैनी ने विश्वासघात करते हुए किशोरी को बहला-फुसलाकर पशुओं के बांधने वाले स्थान (घेर) में बुलाया। वहाँ उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गया। शर्मनाक बात यह है कि आरोपी की मां को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने पीड़िता की मदद करने या पुलिस को सूचना देने के बजाय उसे चुपचाप उसके घर छोड़ दिया। अगली सुबह जब पीड़िता को होश आया तो उसने अपनी टूटी हुई आवाज़ में परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन जब इंसाफ की गुहार लेकर आरोपी के घर पहुंचे तो वहां का मंजर और भी भयावह था। आरोपी के परिवार ने अपनी गलती मानने के बजाय लोक-लाज का हवाला देकर पीड़िता का मुंह बंद करने की कोशिश की। हद तो तब हो गई जब पीड़ित परिवार को पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की सीधी धमकी दी गई। इसी मानसिक प्रताड़ना अपमान और सामाजिक डर से टूटकर किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहर खा लिया।
Meerut News: पुलिस की कार्रवाई मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे
किशोरी की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल और फिर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। दो दिनों तक आईसीयू में मौत से संघर्ष करने के बाद जब पीड़िता की हालत में आंशिक सुधार हुआ तब परिजनों ने साहस जुटाकर गुरुवार देर रात बहसूमा थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनुज सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और उसके परिजनों पर दुष्कर्म, पॉक्सो (POCSO) एक्ट, आत्महत्या के लिए उकसाने और जान से मारने की धमकी जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आज न्यायालय में पीड़िता के बयान दर्ज कराए जाएंगे ताकि कानूनी प्रक्रिया को गति मिल सके।







