UP News: अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र की विवेकानंद कॉलोनी में शादी की तैयारियों के बीच अचानक चोरी की वारदात ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। कॉलोनी निवासी आशुतोष यादव के घर में चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर कीमती सामान चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि घर से 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब हो गई है।
अब पढ़े पूरा मामला…
दरअसल, आशुतोष यादव की बहन की शादी 19 फरवरी को होने वाली थी, जबकि सगाई का कार्यक्रम 11 फरवरी को प्रस्तावित था। शादी की तैयारियों के लिए परिवार ने कीमती जेवरात और नकदी घर में रखी थी। वहीं, परिवार की चिंता तब बढ़ गई, जब आशुतोष यादव की मां की अचानक तबीयत खराब हो गई और पूरे परिवार को उन्हें इलाज के लिए मुरादाबाद अस्पताल ले जाना पड़ा। चोरों ने इसी अवसर का फायदा उठाया और घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसपैठ की और अलमारी व संदूकों में रखे जेवरात-नकदी लेकर फरार हो गए।
इस बीच आज शनिवार सुबह जब परिवार के कुछ सदस्य अस्पताल से लौटकर घर पहुंचे, तो उन्होंने टूटे ताले और बिखरे सामान को देखकर हैरानी जताई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने पूरे घर का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू करते हुए जल्द खुलासे का दावा किया है।
UP News: चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
वहीं चोरी की इस घटना ने न सिर्फ आशुतोष यादव के परिवार को बल्कि कॉलोनी के अन्य लोगों को भी डर और दहशत में डाल दिया है। स्थानीय लोग पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कॉलोनी में गश्त बढ़ाने की भी अपील की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसे मामलों को रोका जा सके। आशुतोष यादव का कहना है कि शादी की खुशियों से पहले हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। उन्होंने अपील की है कि पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके जेवरात और नकदी की बरामदगी सुनिश्चित करे।
Report BY: मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… ‘गोदान’ के रिलीज से पहले CM योगी से मिलने पहुंचे निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी







