Railway Budget Jharkhand: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली में एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखंड को रेलवे विकास के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट दिया गया है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष में झारखंड को रेलवे के लिए 7,536 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो पिछली सरकारों की तुलना में कई गुना अधिक है।
रेल मंत्री ने कहा कि राज्य में रेलवे सुविधाओं के आधुनिकीकरण के लिए इस समय करीब 63,470 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। सरकार का लक्ष्य झारखंड के हर क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, तेज और आरामदायक सफर मिल सके।
धनबाद से कोयंबटूर तक चलेगी अमृत भारत ट्रेन
रेल मंत्री ने झारखंड के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी देते हुए बताया कि राज्य को जल्द ही कई नई प्रीमियम ट्रेनों की सौगात मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि झारखंड के लिए 12 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें और 4 अमृत भारत ट्रेनें पहले से ही योजना में हैं, जबकि 2 नई अमृत भारत ट्रेनों को हाल ही में मंजूरी दी गई है।सबसे अहम घोषणा करते हुए वैष्णव ने बताया कि धनबाद से कोयंबटूर के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस बहुत जल्द शुरू की जाएगी। इस ट्रेन के शुरू होने से लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
Railway Budget Jharkhand: सालों से अटके रेल प्रोजेक्ट्स को मिली रफ्तार
रेल मंत्री ने कहा कि झारखंड में कई रेल परियोजनाएं वर्षों से लंबित थीं, जिन्हें अब फास्ट-ट्रैक मोड पर डाल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कई नई कनेक्टिविटी परियोजनाओं के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है और उनकी मंजूरी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
Railway Budget Jharkhand: कोयला से कारोबार तक
सरकार का विशेष फोकस कोयला खदानों और औद्योगिक क्षेत्रों को मुख्य रेल लाइनों से जोड़ने पर है, जिससे माल ढुलाई और यात्री सेवाओं दोनों को मजबूती मिलेगी। वैष्णव ने कहा कि आने वाले वर्षों में ये निवेश झारखंड की आर्थिक तस्वीर बदलने और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढे़ : SIR के खिलाफ काली शॉल पहन CEC से मिलीं ममता बनर्जी, बोलीं यह चुनाव आयोग नहीं, BJP का IT सेल






