ख़बर का असर

Home » अंतर्राष्ट्रीय » मलेशिया में पीएम मोदी का दो-टूक संदेश: आतंकवाद पर न कोई दोहरा मापदंड, न कोई समझौता

मलेशिया में पीएम मोदी का दो-टूक संदेश: आतंकवाद पर न कोई दोहरा मापदंड, न कोई समझौता

PM Modi’s visit Malaysia: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को संबोधित किया और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े हैं दोनों देश

पीएम मोदी ने कहा कि मलेशिया भारतीय मूल की आबादी वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है। भारत और मलेशिया की सभ्यताएं साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने 2026 की अपनी पहली विदेश यात्रा में मलेशिया आने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।

PM Modi’s visit Malaysia: ऊर्जा-डिजिटल-इंफ्रास्ट्रक्चर में साझेदारी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में भारत–मलेशिया संबंधों में नई गति और गहराई आई है। ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल अर्थव्यवस्था, बायोटेक, आईटी, पर्यटन और पीपल-टू-पीपल कनेक्शन जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार मजबूत हुआ है।

सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ साझा रणनीति

पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा सहयोग, काउंटर टेररिज्म, इंटेलिजेंस शेयरिंग और मेरिटाइम सुरक्षा में दोनों देशों का सहयोग और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एआई, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में भी साझेदारी को नई ऊंचाई दी जाएगी।

PM Modi’s visit Malaysia: सीईओ फोरम से व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री ने कहा कि सीईओ फोरम के जरिए नए व्यापार और निवेश के अवसर पैदा हुए हैं। यह साझेदारी भारत और मलेशिया के बीच रणनीतिक विश्वास पर आधारित आर्थिक बदलाव को गति देगी। पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों से मुलाकात को याद करते हुए कहा कि लगभग 30 लाख भारतीय प्रवासी भारत और मलेशिया के बीच “लिविंग ब्रिज” का काम कर रहे हैं। उन्होंने सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट, मुफ्त ई-वीजा और यूपीआई डिजिटल पेमेंट जैसे कदमों का उल्लेख किया, जो दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को आसान बनाएंगे।

युवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग

प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय एक्सचेंज, स्टार्टअप कनेक्ट और स्किल डेवलपमेंट के अवसर युवाओं के लिए बढ़ाए जा रहे हैं। इसके साथ ही, बढ़ते संबंधों को समर्थन देने के लिए मलेशिया में एक नया भारतीय कांसुलेट खोलने की योजना भी है।

आसियान और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझा प्रतिबद्धता

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया, आसियान के साथ मिलकर पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध हैं। भारत आसियान सेंट्रलिटी को प्राथमिकता देता है और आसियान-भारत व्यापार समझौते (आईटीजीए) की समीक्षा जल्द पूरी होनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने मलेशिया में तमिल समुदाय की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक क्षेत्रों में तमिल भाषा का योगदान मजबूत और जीवंत है। ऑडियो-विजुअल एग्रीमेंट के तहत फिल्म और संगीत, विशेषकर तमिल फिल्मों के माध्यम से लोगों को और करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।

PM Modi’s visit Malaysia: आतंकवाद पर भारत का स्पष्ट संदेश

वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत और मलेशिया की बढ़ती मित्रता को महत्वपूर्ण बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का संदेश बिल्कुल साफ है— कोई दोहरा मापदंड नहीं और कोई समझौता नहीं। उन्होंने कहा कि भारत शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।

रणनीतिक और मानवीय आधार पर मजबूत रिश्ते

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया का संबंध रणनीतिक ही नहीं, बल्कि मानवीय आधार पर भी मजबूत है। उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आतिथ्य और स्वागत के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

ये भी पढ़े… यूएस-इंडिया ट्रेड समझौते से भारत का 250 बिलियन डॉलर इंजीनियरिंग निर्यात लक्ष्य मजबूत

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

Khabar India YouTubekhabar india YouTube poster

राशिफल