Breaking News
Home » राष्ट्रीय » ‘मुश्किल घड़ी में हनुमान चालीसा पढ़ता रहा’, कैप्टन स्मित ने सुनाई उस रात की कहानी, PM मोदी ने कही भावुक कर देने वाली बात

‘मुश्किल घड़ी में हनुमान चालीसा पढ़ता रहा’, कैप्टन स्मित ने सुनाई उस रात की कहानी, PM मोदी ने कही भावुक कर देने वाली बात

फ्लाईदुबई हादसे में कैप्टन स्मित ने बचाई जान
फ्लाईदुबई हादसे में कैप्टन स्मित ने बचाई जान

Captain smit Machchhar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉल के जरिए फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से बातचीत की। इस दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि जब भी वह किसी कठिन परिस्थिति में फंसते हैं, तब हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उन्होंने कहा कि फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान जब स्थिति बेहद मुश्किल हो गई थी, तब भी वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे। घटना के बाद कैप्टन स्मित की बहादुरी और उनकी सूझबूझ की दुनियाभर में चर्चा हो रही है।

Captain smit Machchhar: भावुक हुए स्मित तो पीएम मोदी ने कही ये बात

बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित काफी भावुक हो गए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, “मैं माफी मांगता हूं कि मेरे आंखों से आंसू निकल रहे हैं।” इस पर पीएम मोदी ने उन्हें ढांढस देते हुए कहा, “स्मित, आप अगर मेरे सामने भावुक नहीं होंगे तो कहां होंगे।”कैप्टन स्मित ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सबसे बड़ा आदर्श बताया। वहीं, पीएम मोदी ने उनके साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत गर्व से यह कह सकता है कि भारतीय दूसरों की जान लेने वाले नहीं हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं।

पीएम मोदी पहले भी कर चुके हैं स्मित की तारीफ

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि गंभीर रूप से घायल होने और बेहद मुश्किल हालात के बावजूद मच्छार ने दूसरे लोगों की जान बचाने के लिए असाधारण धैर्य और दृढ़ संकल्प दिखाया।मोदी ने कैप्टन स्मित को “नायक” बताते हुए कहा था कि उनके साहस और बहादुरी की वजह से सैकड़ों लोगों की जान बच सकी और एक बड़ी त्रासदी को टाला जा सका। प्रधानमंत्री ने संघ लोक सेवा आयोग के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कहा था कि फ्लाईदुबई विमान के पायलट ने बेहद मुश्किल समय में अद्भुत धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया।उन्होंने यह भी कहा था, “जैसा कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कहा कि इस भारतीय सपूत ने 9/11 जैसी भयानक साजिश को नाकाम कर दिया। स्मित की इस बहादुरी से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।”

Captain smit Machchhar: पत्नी और माता-पिता से भी की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से भी बातचीत की। उन्होंने सैकड़ों लोगों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित के साहस को नमन किया।दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे। इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया और 17,000 फुट से अधिक नीचे चला गया। बाद में विमान का रास्ता बदलकर सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे की ओर कर दिया गया।इस विमान में 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्री सवार थे।

खून से लथपथ हालत में दिखे पायलट

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कैप्टन स्मित खून से लथपथ हालत में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने ऑक्सीजन मास्क पहन रखा था और वह विमान की गैली में पीठ के बल लेटे हुए नजर आए।इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने पहले के बयान में बताया था कि एक इजराइली यात्री ने उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी। यात्री के मुताबिक, विमान तेजी से घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा। इसके बाद एक यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में पहुंचने में सफल रहे।बताया गया कि दोनों ने मिलकर उस व्यक्ति को काबू किया, जिसने विमान की प्रणाली को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया था।

Captain smit Machchhar: फ्लाइट में आखिर हुआ क्या था?

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में बुधवार को कॉकपिट के अंदर झड़प हुई। इस दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए। चोट लगने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को स्थिति में हस्तक्षेप करने का मौका मिला।घटना के बाद विमान का मार्ग बदल दिया गया और इसे सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। कैप्टन स्मित मच्छार का फिलहाल तबूक के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें…SIR के खिलाफ दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन, जंतर-मंतर पहुंचे सौरभ भारद्वाज हिरासत में; 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद