Rahul Gandhi: भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सियासत तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा इस समझौते को किसानों के साथ विश्वासघात बताए जाने पर केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। गया में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विपक्ष पर डील को गलत तरीके से प्रचारित करने का आरोप लगाया और कहा कि यह समझौता देश के अधिकांश लोगों के हित में है।
‘95 प्रतिशत को फायदा, 5 प्रतिशत पर राजनीति’
मांझी ने कहा कि इस डील से देश के 95 प्रतिशत लोगों को सीधा लाभ होगा, जबकि केवल 5 प्रतिशत मामलों में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। उनके मुताबिक, छोटे हिस्से की संभावित समस्याओं को आधार बनाकर पूरे समझौते को खारिज करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर सकारात्मक पहलुओं को नजरअंदाज कर रहा है।
Rahul Gandhi: राहुल गांधी पर तीखी टिप्पणी
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मांझी ने राहुल गांधी पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को किसानों के खिलाफ बताकर भ्रम फैला रहा है, जबकि यह समझौता करोड़ों किसानों और आम लोगों के हित में है। मांझी के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
डील को लेकर जारी है विवाद
गौरतलब है कि राहुल गांधी लगातार भारत-अमेरिका ट्रेड डील की आलोचना कर रहे हैं और इसे किसानों के लिए नुकसानदेह बता रहे हैं। वहीं, केंद्र सरकार और उसके सहयोगी दल इस समझौते को आर्थिक रूप से लाभकारी और व्यापक हित में बता रहे हैं। ट्रेड डील पर सियासी टकराव आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें…राजगढ़ में जन औषधि केंद्र बना मरीजों का सहारा, 90% तक सस्ती दवाइयां






