Weather Alert India: देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। पहाड़ी राज्यों में जहां कड़ाके की ठंड जारी है, वहीं मैदानी इलाकों में दिन का तापमान बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 फरवरी तक हिमालयी क्षेत्रों में दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हैं, जिनका असर 17 फरवरी से साफ दिखाई देगा।

पहाड़ों पर बारिश बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 17 फरवरी से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने से तापमान में और गिरावट आ सकती है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहले से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मुनस्यारी में पारा माइनस 25 डिग्री, बद्रीनाथ में माइनस 16 डिग्री और गंगोत्री में माइनस 20 डिग्री दर्ज किया गया। लगातार ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित है और स्थानीय प्रशासन सतर्क है।
Weather Alert India: मैदानी राज्यों में बढ़ती गर्मी
वहीं दूसरी ओर, मैदानी राज्यों में मौसम का अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। राजस्थान के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री तक दर्ज किया गया। बाड़मेर में शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने 17–18 फरवरी को राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण जयपुर और बीकानेर संभाग में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट, उत्तर प्रदेश में तापमान बढ़ा
मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के आठ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन आगामी दिनों में बादल छाने और हल्की वर्षा की संभावना के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। उत्तर प्रदेश में भी कई शहरों का तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है।
दिल्ली-एनसीआर में शुष्क मौसम, खराब हवा
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली-एनसीआर में औसत तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया है। यहां मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन अगले दो दिनों में बदलाव की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खराब स्तर पर बना हुआ है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में घना कोहरा, यातायात प्रभावित
दक्षिण भारत के कई शहरों में घना कोहरा छाया हुआ है। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेन्नई में सुबह के समय दृश्यता कम रही। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ और उडुपी जिलों में भी कोहरे का असर देखा गया। महाराष्ट्र के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
कुल मिलाकर, देश में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं, कहीं कड़ाके की ठंड और बर्फबारी, तो कहीं बढ़ता तापमान और कोहरा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। आने वाले कुछ दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
Written by- Adarsh kathane






