Keshav Maurya news: उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर की शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलिकॉप्टर में उड़ान के कुछ ही देर बाद डिस्प्ले बंद हो गया और अंदर धुआं भरने लगा। पायलट ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
50 किमी दूर पहुंच चुका था हेलिकॉप्टर
केशव मौर्य सुबह 10:45 बजे लखनऊ से कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर लगभग 2000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। उस समय हेलिकॉप्टर लखनऊ से करीब 50 किलोमीटर दूर बछरावां तक पहुंच चुका था। ATC से अनुमति मिलने के बाद पायलट ने हेलिकॉप्टर को तुरंत वापस लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।
Keshav Maurya news: 11:15 बजे सुरक्षित लैंडिंग
पायलट ने सुबह 11:15 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करवाई। लैंडिंग के समय हेलिकॉप्टर के अंदर काफी धुआं भर चुका था। हेलिकॉप्टर में मौजूद केशव मौर्य समेत कुल 6 लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। हेलिकॉप्टर में दो पायलट, एक एडवाइजर, एक क्लास-फोर कर्मचारी और एक सुरक्षा कर्मी भी सवार थे।
Keshav Maurya news: इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका
शुरुआती जांच में हेलिकॉप्टर के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में खराबी की संभावना जताई गई है। हालांकि असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
Keshav Maurya news: दूसरे हेलिकॉप्टर से पहुंचे कौशांबी
घटना के बाद केशव मौर्य दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी पहुंचे और वहां आयोजित दो दिवसीय सरस महोत्सव का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि रास्ते में हेलिकॉप्टर में खराबी आ गई थी, लेकिन लोगों की दुआओं और आशीर्वाद से वे सुरक्षित बच गए।
यूपी सरकार का है हेलिकॉप्टर
जिस हेलिकॉप्टर से केशव मौर्य यात्रा कर रहे थे, वह उत्तर प्रदेश सरकार का हेलिकॉप्टर है और इसकी जिम्मेदारी नागरिक उड्डयन विभाग के पास है। विभाग के निदेशक ईशान प्रताप सिंह हैं, जो मुख्यमंत्री के विशेष सचिव भी हैं।
पहले भी हो चुकी हैं इमरजेंसी लैंडिंग
केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार तकनीकी खराबी के कारण हेलिकॉप्टर को बीच रास्ते में उतारना पड़ा है।
-
28 फरवरी 2022: ईंधन की कमी के कारण कुशीनगर में हेलिकॉप्टर उतारना पड़ा।
-
14 फरवरी 2019: आजमगढ़ दौरे के दौरान उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी आने पर लखनऊ में लैंडिंग कराई गई।
-
30 मार्च 2018: रायबरेली के फुरसतगंज में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।
अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया
घटना पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसी घटना किसी के साथ नहीं होनी चाहिए और केशव मौर्य सुरक्षित रहें। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि उन्हें नया हेलिकॉप्टर मिलना चाहिए, क्योंकि मशीनें हमेशा अच्छी स्थिति में होनी चाहिए।
यह भी पढे़ : पीएम मोदी ने सफल चुनाव कराने के लिए नेपाल को दी बधाई






